छह दुग्ध समितियों से ढाई करोड़ की दुग्ध खरीद, उत्पादकों को मिला 22 लाख का बोनस
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ समितियों को मजबूत बनाने का आह्वान — मुकेश बोरा
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से गौलापार क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों के दुग्ध उत्पादकों को करीब ढाई करोड़ रुपये की दुग्ध खरीद के एवज में 22 लाख रुपये की बोनस राशि के चेक वितरित किए गए। बोनस वितरण कार्यक्रम के दौरान उत्पादकों को दुग्ध संघ की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं और उत्पादक हितैषी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादक संघ की रीढ़ हैं। उनके परिश्रम, लगन और निरंतर सहयोग से ही दुग्ध व्यवसाय को मजबूती मिलती है। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादन करने तथा समितियों के माध्यम से नियमित रूप से दूध उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए संघ स्तर पर लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिल सके। बोनस वितरण से जहां उत्पादकों के परिश्रम को प्रोत्साहन मिलेगा, वहीं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने दुग्ध समितियों को अधिक सक्रिय, मजबूत और सशक्त बनाने पर जोर दिया।
मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक उत्पादक का हित संघ की प्राथमिकता है। सजग, प्रतिबद्ध और उत्पादक हितैषी प्रयासों के माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा दुग्ध व्यवसाय को नई मजबूती देने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन मार्ग प्रभारी पूरन चंद्र मिश्रा ने किया। इस दौरान सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, जगदीश चंद्र, मोहन चंद्र जोशी, दीपा देवी, नरेंद्र मेहरा, सुमित जोशी, नेहा डालाकोटी सहित दुग्ध समितियों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।
लालकुआ गौलापार में छह दुग्ध समितियों से ढाई करोड़ दुग्ध क्रय, उत्पादकों को मिला 22 लाख का बोनस, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ समितियों को मजबूत बनाने का आह्वान — मुकेश बोरा
