दुग्ध समिति के पूर्व सचिव महेंद्र सिंह कन्याल का निधन, आंचल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा समेत आंचल परिवार ने जताया दुख
लालकुआं। बिंदुखत्ता के रावत नगर तृतीय दुग्ध समिति के पूर्व सचिव महेंद्र सिंह कन्याल का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके असमय निधन की सूचना मिलते ही परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि महेंद्र सिंह कन्याल पूरी तरह स्वस्थ थे और रोज की तरह अपने कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। परिजन उन्हें उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उनकी हालत बिगड़ गई और चिकित्सकीय सहायता मिल पाती, इससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से परिजन स्तब्ध रह गए और परिवार में कोहराम मच गया।
महेंद्र सिंह कन्याल सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। क्षेत्र में वह सभी के साथ आत्मीय व्यवहार के लिए जाने जाते थे। उनके निधन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और परिचित उनके आवास पर पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
वह अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी, एक पुत्र और मासूम बेटी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। रविवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, दुग्ध समिति से जुड़े लोगों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा समेत आंचल परिवार ने महेंद्र सिंह कन्याल के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
