लालकुआ नगर पंचायत अध्यक्ष लोटनी के नेतृत्व में चला व्यापक स्वच्छता अभियान
रेलवे परिसर में नगर पंचायत व रेलवे कर्मियों ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश
लालकुआं। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी एवं रेलवे विभाग के संयुक्त नेतृत्व में गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत रेलवे परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे प्लेटफॉर्म, परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में नगर पंचायत और रेलवे कर्मचारियों ने मिलकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी के नेतृत्व में नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों एवं फील्ड कर्मचारियों ने अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं रेलवे विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कंधे से कंधा मिलाकर श्रमदान करते हुए रेलवे परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और संस्था की साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर लालकुआं के निर्माण के लिए नगर पंचायत द्वारा निरंतर स्वच्छता अभियान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रेलवे विभाग के साथ संयुक्त रूप से चलाया गया यह अभियान आपसी समन्वय, सहयोग और जनभागीदारी की मिसाल है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा सार्वजनिक स्थलों और रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
अभियान के दौरान नगर पंचायत एवं रेलवे कर्मियों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया। संयुक्त अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि जब प्रशासन, संस्थाएं और आमजन मिलकर प्रयास करते हैं तो स्वच्छ एवं सुंदर शहर का निर्माण संभव है।
अभियान में रेलवे विभाग की ओर से आईओडब्ल्यू, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य), सीडीओ, सीएचआई, पीडब्ल्यूआई सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों एवं फील्ड स्टाफ ने भी अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
