शर्मशार करने वाला गंभीर मामला, मानसिक रूप से कमजोर युवती से दरिंदगी, आठ माह की गर्भवती होने पर खुला मामला

Spread the love

  मानसिक रूप से कमजोर युवती से दरिंदगी, आठ माह की गर्भवती होने पर खुला मामला

 

होली के आसपास सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का युवती ने किया खुलासा, सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल ने अस्पताल में कराया भर्ती

 

पुलिस ने परिजनों को बुलाया, महिला सेल को दी गई सूचना – आरोपियों की तलाश में जांच शुरू

 

रामनगर। क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। मानसिक रूप से कमजोर करीब 25 वर्षीय युवती आठ माह की गर्भवती मिली है। युवती के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद उसके साथ कथित रूप से हुई दरिंदगी का मामला भी उजागर हुआ है। युवती ने सामाजिक कार्यकर्ता को बताया कि होली के आसपास रामनगर क्षेत्र में दो-तीन लोगों ने उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया था।

 

जानकारी के अनुसार, युवती पिछले करीब आठ-नौ महीनों से रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में भटकती नजर आ रही थी। इसी बीच उसे काशीपुर रोडवेज बस अड्डे के पास पेट दर्द से तड़पते हुए देखा गया। किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल को दी। सूचना मिलते ही मुकेश सुयाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवती की हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए रामनगर के चिकित्सकों के पास ले गए। चिकित्सकीय जांच में युवती के गर्भवती होने की पुष्टि हुई।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकेश सुयाल ने बिना देरी किए युवती को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया तथा पुलिस को पूरे घटनाक्रम की सूचना दी।

 

मुकेश सुयाल के अनुसार, बातचीत के दौरान युवती ने स्वयं को मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले के आसपास के क्षेत्र का निवासी बताया। युवती ने होली के आसपास रामनगर में दो-तीन लोगों द्वारा उसके साथ गलत हरकत किए जाने की बात बताई। इस खुलासे के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है।

 

घटना पर रोष व्यक्त करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल ने कहा कि मानसिक रूप से कमजोर और बेसहारा युवती के साथ इस तरह की घटना बेहद शर्मनाक है। यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह के जघन्य अपराध को अंजाम देने का दुस्साहस न कर सके।

 

वहीं, रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि युवती के परिजनों को बुलाया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा महिला सेल को भी इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement