रुद्रपुर अस्पताल परिसर में खौफनाक वारदात, चाकू से गोदकर मोबाइल कारोबारी की हत्या

Spread the love

अस्पताल परिसर में खौफनाक वारदात, चाकू से गोदकर मोबाइल कारोबारी की हत्या

 

छोटे भाई और दुकान के कर्मचारी पर भी जानलेवा हमला, चार हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार; एक सप्ताह पहले मिली थी जान से मारने की धमकी

 

रुद्रपुर। उत्तराखंड में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल परिसर में बेखौफ हमलावरों ने मोबाइल कारोबारी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हमले में कारोबारी का छोटा भाई और दुकान का कर्मचारी भी घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 

जानकारी के अनुसार, जगतपुरा निवासी मोबाइल कारोबारी नितेश जोहरी (36) पुत्र कमलेश जोहरी घर में ही मोबाइल की दुकान संचालित करते थे। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पूर्व उनका पड़ोस में मोबाइल की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। नितेश ने इस मामले में पुलिस को शिकायत देकर तहरीर भी सौंपी थी।

 

बताया गया कि शुक्रवार सुबह दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी कशिश के साथ पहले मारपीट की गई। मारपीट में उसका सिर फट गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान पीछे से चार हमलावर अस्पताल परिसर में पहुंच गए और नितेश जोहरी समेत वहां मौजूद लोगों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने नितेश के सीने पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

इस हमले में नितेश का छोटा भाई दिनेश और दुकान का कर्मचारी कमल भी घायल हो गए। वारदात के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जानकारी ली। पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।

 

पत्नी और मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया

 

नितेश जोहरी की हत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह अपने पीछे पत्नी पार्वती देवी और पुत्री लक्षिता को छोड़ गए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक सप्ताह पहले मिली जान से मारने की धमकी के बावजूद हुई इस जघन्य वारदात ने पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement