बिंदुखत्ता में विवाह समारोह के बीच मचा हड़कंप, दहेज में कार मांगने का आरोप; ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दूल्हे को पुलिस के हवाले किया
लालकुआं। बिंदुखत्ता में एक विवाह समारोह उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब शादी की अधिकांश रस्में पूरी होने के बाद सात फेरों की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दूल्हे ने अचानक विवाह करने से इनकार कर दिया। उसने मंडप छोड़कर वहां से निकलने की कोशिश की तो समारोह में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। स्थिति बिगड़ती देख बाराती भी धीरे-धीरे मौके से निकल गए। वहीं, लड़की पक्ष और ग्रामीणों ने दूल्हे को रोक लिया और उसे पुलिस चौकी ले गए। देर रात तक मामला कोतवाली में चर्चा का विषय बना रहा और लड़की पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बिंदुखत्ता निवासी युवती का विवाह कालाढूंगी क्षेत्र के चकलुवा अंतर्गत पूरनपुर गांव निवासी स्वर्गीय चंदन राम के पुत्र उमेश के साथ तय हुआ था। बताया गया कि दोनों के बीच पिछले करीब एक वर्ष से मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत हो रही थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक कई बार दहेज में कार देने की मांग कर चुका था। हालांकि, परिवार ने शुरुआत में उसकी इन मांगों को गंभीरता से नहीं लिया।
गुरुवार को तय कार्यक्रम के अनुसार बारात धूमधाम से बिंदुखत्ता के तिवारीनगर नर्सरी गांव पहुंची। लड़की पक्ष की ओर से बारात का स्वागत किया गया। इसके बाद बारातियों ने भोजन किया और जयमाला की रस्म भी हंसी-खुशी संपन्न हो गई। विवाह स्थल पर परिजन और रिश्तेदार सात फेरों की तैयारियों में जुटे थे। तभी अचानक दूल्हे ने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाते हुए शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद वह मंडप से उठकर जाने लगा।
दूल्हे के इस अप्रत्याशित फैसले से दोनों पक्षों के लोग स्तब्ध रह गए। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह विवाह के लिए तैयार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि दूल्हे ने जबरन शादी कराए जाने की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी लड़की पक्ष पर होने की बात भी कही। देखते ही देखते शादी की खुशियां तनाव और विवाद में बदल गईं।
उधर, दूल्हे के शादी से इनकार करते ही बारात में आए लोग भी विवाह स्थल से जाने लगे। इससे लड़की पक्ष में नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीणों ने दूल्हे को घेरकर पकड़ लिया और बिंदुखत्ता पुलिस चौकी पहुंचा दिया। चौकी प्रभारी गौरव जोशी ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद दूल्हे को लालकुआं कोतवाली लाया गया।
देर रात तक लड़की पक्ष के परिजन और ग्रामीण कोतवाली में मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हे ने विवाह की अंतिम रस्मों से ठीक पहले शादी से किनारा कर लिया। लड़की पक्ष ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लिया गया है। लड़की पक्ष की ओर से दहेज की मांग किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सहमति नहीं बनने की स्थिति में तहरीर के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



