उत्तराखंड रिटायर्ड फौजी ने कांस्टेबल की पत्नी को चाकू से गोदा, हालत नाजुक; मां को बचाने आए बच्चों से भी मारपीट

Spread the love

उत्तराखंड रिटायर्ड फौजी ने कांस्टेबल की पत्नी को चाकू से गोदा, हालत नाजुक; मां को बचाने आए बच्चों से भी मारपीट

 

काशीपुर। ऊधमसिंह नगर के काशीपुर में आपसी विवाद के दौरान एक सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल की पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला की गर्दन पर चाकू से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मां को बचाने पहुंचे दोनों बच्चों के साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो आरोपी मौके से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर किया गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खड़कपुर देवीपुरा निवासी सचिन कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में बरेली में तैनात हैं। उनकी पत्नी रिंकी अपने दो बच्चों के साथ काशीपुर स्थित घर में रहती हैं। बताया जा रहा है कि कॉलोनी में रहने वाले सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी संजय गौतम का सचिन के परिवार से पहले से परिचय था और उसका घर पर आना-जाना भी था।

 

बुधवार शाम संजय गौतम किसी काम से सचिन के घर पहुंचा। इस दौरान किसी बात को लेकर उसकी रिंकी से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर चाकू निकालकर रिंकी की गर्दन पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। मां की चीख सुनकर दोनों बच्चे उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की।

 

शोर सुनकर दौड़े पड़ोसी, अस्पताल पहुंचाई घायल महिला

 

घर के अंदर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद पड़ोसियों ने घायल रिंकी को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया और बरेली में तैनात उनके पति सचिन कुमार को घटना की जानकारी दी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर कर दिया।

 

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

 

घटना की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी संजय गौतम को हिरासत में ले लिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement