लालकुआ रेलवे संपत्ति चोरी के आरोप में युवक गिरफ्तार, 10 स्टील लिफ्ट कॉक बरामद
लालकुआं/हल्द्वानी। रेलवे की संपत्ति चोरी करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से रेलवे के 10 स्टील लिफ्ट कॉक बरामद हुए हैं। गिरफ्तार युवक पूर्व में रेलवे में कर्मचारी के रूप में भी कार्य कर चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने एक दिन पूर्व काठगोदाम-हल्द्वानी रेलखंड के बीच रेलवे की संपत्ति अवैध रूप से ले जाते हुए एक युवक को पकड़ा। उसकी पहचान मनीष आर्या (24) पुत्र स्वर्गीय सतीश चंद्र आर्या, निवासी कालीचौड़ गेट, सुल्ताननगरी खेड़ा, थाना काठगोदाम, जिला नैनीताल के रूप में हुई है। बताया गया कि आरोपी पूर्व में रेलवे में ओबीएचएस (ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस) कर्मचारी के रूप में कार्य कर चुका है।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से रेलवे के 10 स्टील लिफ्ट कॉक बरामद किए गए। रेलवे सुरक्षा बल ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 02/2026 दर्ज कर रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत कार्रवाई की है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बालमुकुंद द्विवेदी, कांस्टेबल गोविंद गिरी, ओमप्रकाश मीना तथा आरपीएफ हल्द्वानी के रवि जोशी शामिल रहे। मामले की जांच उपनिरीक्षक बालमुकुंद द्विवेदी कर रहे हैं।



