बिंदुखत्ता। आयोजित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों के नाम रही। कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजक मंडल की ओर से आयुक्त दीपक रावत को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में उस समय खास उत्साह देखने को मिला, जब मुख्य अतिथि आयुक्त दीपक रावत ने भी अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने लोकप्रिय कुमाऊंनी गीत ‘लाल चुन्नी कुरती तेरी काली’ गाकर दर्शकों का मन मोह लिया। उनके सुरों के साथ पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा और दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। आयुक्त की इस अनूठी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर आयुक्त दीपक रावत ने उत्तराखंड के अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को भावपूर्ण स्मरण किया। उन्होंने कहा कि प्रहलाद सिंह मेहरा ने अपने लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन को नई पहचान दिलाई। उनके गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं और आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
सांस्कृतिक संध्या में लोकगायिका खुशी जोशी ने अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वहीं लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल, राकेश पनेरू और राकेश जोशी ने भी एक से बढ़कर एक लोकगीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और लोकगीतों की धुन पर झूमते नजर आए। दूसरी ओर हास्य लोक कलाकार जीवन दानू ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों और चुटीले अंदाज से दर्शकों को खूब हंसाया। उनकी प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को मनोरंजन से भर दिया।
सरस्वती शिशु मंदिर मैदान, संजय नगर नंबर-1, बिंदुखत्ता में आयोजित इस महोत्सव में स्थानीय संस्कृति, लोकपरंपराओं और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। महोत्सव का उद्देश्य प्रदेश की लोकभाषा, लोकसंगीत, पारंपरिक लोककलाओं और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है, ताकि आधुनिकता के दौर में भी पहाड़ की लोकपरंपराएं और सांस्कृतिक पहचान कायम रह सके।
आयोजन के माध्यम से अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने तथा उत्तराखंड की लोकसंस्कृति में उनके उल्लेखनीय योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है। लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव की इस संध्या ने लोकगीतों के प्रति लोगों के प्रेम और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव को एक बार फिर प्रदर्शित किया।



