देहरादून। उत्तराखंड के चार शहरों में वायु गुणवत्ता खराब दर्ज की गई है। इनमें रुड़की की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक रही, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 270 दर्ज किया गया। वहीं, रुद्रपुर में AQI 180, जसपुर में 175 और बाजपुर में 160 रहा। लगातार खराब होती वायु गुणवत्ता से लोगों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। विशेषकर सांस और दमा के मरीजों को सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रदेशभर में मौसम रहेगा शुष्क, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड, दिन में खिलेगी तेज धूप
उत्तराखंड के सभी जिलों में आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते मैदानी और निचले इलाकों में सुबह और शाम ठंड का एहसास हो रहा है, जबकि दिन के समय तेज धूप खिलने से मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों के साथ ही देहरादून में दिन के समय हल्के बादल और धुंध छाई रह सकती है। प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा।
विभाग के मुताबिक इस बार प्रदेश में कड़ाके की ठंड बढ़ने के लिए लोगों को अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। फिलहाल सुबह-शाम ठंड और दिन में तेज धूप का दौर जारी रहने की संभावना है।



