उत्तरकाशी पंवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, 33 मकान जलकर राख; 58 परिवार बेघर, सिलेंडरों के धमाकों से दहला गांव

Spread the love

 

5-6 गैस सिलेंडर फटने से विकराल हुई आग, पांच घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, दुर्गम रास्ते के चलते तीन घंटे बाद पहुंची दमकल टीम

 

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड के सुदूरवर्ती पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। देखते ही देखते आग ने पूरे गांव में विकराल रूप धारण कर लिया और 33 आवासीय मकानों को अपनी चपेट में लेकर राख कर दिया। इस भयावह हादसे में 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। कड़ाके की ठंड के बीच इन परिवारों के सिर से छत छिन गई और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।

 

सिलेंडरों के धमाकों से दहला गांव

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब पांच बजे गांव में आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत ग्रामीण बुद्धि सिंह के मकान से हुई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। गांव में अधिकांश मकान लकड़ी के बने होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान मकानों में रखे 5 से 6 रसोई गैस सिलेंडर एक के बाद एक धमाकों के साथ फट गए। धमाकों से आग और भड़क उठी तथा आसपास के मकान भी इसकी चपेट में आते चले गए। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को घरों में रखा राशन, कपड़े, बर्तन, नकदी और अन्य कीमती सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला।

 

दुर्गम रास्ते ने बढ़ाई मुश्किल, तीन घंटे बाद पहुंची दमकल

 

पवाणी गांव की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बन गईं। गांव मोरी तहसील मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर सड़क मार्ग और इसके बाद लगभग पांच किलोमीटर पैदल दूरी पर स्थित है। सड़क निर्माणाधीन होने के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बाल्टियों और स्थानीय संसाधनों के सहारे आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। करीब तीन घंटे बाद दमकल टीम मौके पर पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीणों और राहत दलों की लगभग पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान ग्रामीणों के प्रयासों से 13 मकानों को जलने से बचा लिया गया।

 

पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी क्षतिग्रस्त

 

प्रशासन की अपडेटेड रिपोर्ट के अनुसार अग्निकांड में 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं। इसके अलावा गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। कुल 58 परिवार इस हादसे से प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह रही कि अभी तक किसी व्यक्ति या मवेशी की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि ग्रामीणों की वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी आग की भेंट चढ़ गई।

 

सीएम धामी ने दिए तत्काल राहत के निर्देश, गांव पहुंचने की चर्चा

 

भीषण अग्निकांड की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। पुरोला के एसडीएम और तहसीलदार सरदार सिंह चौहान के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत कार्यों में जुटीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन, राशन, कंबल, अस्थायी आवास और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

 

वहीं विधायक दुर्गेश्वर लाल, टिहरी गढ़वाल की सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह और मंत्री मदन कौशिक ने भी हादसे पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री धामी 25 नवंबर को पवाणी गांव पहुंचकर अग्निकांड प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर सकते हैं, हालांकि उनके दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

फिलहाल राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है। प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती बेघर हुए 58 परिवारों को इस कड़ाके की ठंड में सुरक्षित आश्रय पर निगाहे टिकी है ।

 

उत्तराखंड 24 न्यूज अपडेट

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement