
लालकुआं। नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के हड़ियागांव स्थित कार्यालय में अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बोर्ड समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व अध्यक्ष मुकेश बोरा के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, संचालक मंडल के सदस्यों, दुग्ध संघ के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इसके बाद आयोजित बोर्ड समीक्षा बैठक में दुग्ध संघ की वर्तमान कार्यप्रणाली, दुग्ध संग्रहण, उत्पादन, विपणन, वित्तीय स्थिति तथा विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दूध की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, आधुनिक तकनीकों के उपयोग, विपणन नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति का भी मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही संघ की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक उन्नति और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना दुग्ध संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संघ किसानों को उचित मूल्य, समय पर भुगतान, आधुनिक सुविधाएं एवं बेहतर विपणन व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य आनंद सिंह नेगी, गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, दीपा बिष्ट, खष्टी देवी, हेमा देवी एवं पुष्पा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, राजेंद्र प्रसाद दुमका, प्रभारी लैब रमेश आर्या, महेंद्र सिंह पडियार, हरीश आर्या, मीना रौतेला, डॉ. रमेश मेहता , विमल कुमार सहित दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

