घने कोहरे व शीतलहर के चलते स्कूलों के समय में बदलाव, 22 दिसंबर से सुबह 9:30 बजे खुलेंगे विद्यालय
देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जनपद ऊधमसिंह नगर में अत्यधिक शीतलहर एवं घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए छात्रहित में विद्यालयों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।
आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया गया है कि दिनांक 22 दिसम्बर, 2025 से आगामी आदेशों तक जनपद ऊधमसिंह नगर के समस्त शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त, निजी, सीबीएसई/राज्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केन्द्र प्रातः 09:30 बजे से अपराह्न 03:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
यह आदेश विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है। समस्त संबंधित विभागों, विद्यालय प्रबंधन एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपरोक्त आदेश से किसी भी प्रकार का विचलन आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के सुसंगत प्रावधानों का उल्लंघन माना जाएगा, जिसके अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घने कोहरे व शीतलहर के चलते स्कूलों के समय में बदलाव, 22 दिसंबर से सुबह 9:30 बजे खुलेंगे विद्यालय
