SIR-2026: लालकुआं-हल्द्वानी पर खास नजर, दावे-आपत्तियों के निस्तारण की कड़ी निगरानी
हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को एनआईसी कक्ष, तहसील हल्द्वानी में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल छह लाख 93 हजार 325 मतदाता हैं। SIR के तहत जारी करीब दो लाख 35 हजार नोटिसों की तामिली शत-प्रतिशत पूरी कर ली गई है और संबंधित सुनवाई भी पूरी हो चुकी है। अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि नोटिसों से संबंधित वर्तमान में कोई बड़ी समस्या लंबित नहीं है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र 56-लालकुआं और 59-हल्द्वानी में दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की विशेष निगरानी की जा रही है। इसके लिए निदेशक, कौशल विकास विभाग हल्द्वानी संजय कुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
बैठक में ईआरओ नेट सॉफ्टवेयर में प्राप्त प्रपत्र-6, 7 एवं 8 की स्थिति की भी समीक्षा की गई। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नामों पर आपत्ति तथा मतदाता सूची में संशोधन एवं विलोपन से संबंधित प्रकरणों पर कार्रवाई जारी है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के आधार पर प्रतिदिन प्रपत्र-9, 10, 11, 11ए एवं 11बी मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं जनपद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अवलोकन के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बीएलओ सुपरवाइजर द्वारा प्रत्येक बूथ स्तरीय अधिकारी के कार्य का न्यूनतम पांच प्रतिशत सत्यापन किया जा रहा है। जिन मतदान केंद्रों पर अपमार्जन दो प्रतिशत से अधिक है, वहां ईआरओ द्वारा व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने राजनीतिक दलों से अपील की कि पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने एवं त्रुटि सुधार के लिए प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के माध्यम से आवेदन करें। उन्होंने कहा कि SIR की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार पारदर्शिता और निष्पक्षता से संचालित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि SIR से संबंधित मामलों को लेकर प्रत्येक सोमवार सुबह 10 से 11 बजे तक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाती है। इसमें ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्राप्त समस्याओं का समाधान किया जाता है। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर राजनीतिक दलों को अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखने का अवसर भी दिया जाता है। SIR के तहत सुपर चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
बैठक में उपजिलाधिकारी मोनिका, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पांडे सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें बसपा से हरीश सीनोली, कांग्रेस से मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल एवं प्रशांत जोशी, भाजपा से दिनेश खुल्वे, आनंद सिंह बिष्ट एवं प्रकाश पटवाल तथा आम आदमी पार्टी से अब्दुल कादिर सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।




