(बड़ी खबर)हल्द्वानी-लालकुआं में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान, घी-किशमिश और बेसन के नमूने , खाघ कारोबारी के विरुद्ध दो चालान 

Spread the love

हल्द्वानी। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को हल्द्वानी नगर निगम एवं लालकुआं क्षेत्र में विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य मिलावटी, असुरक्षित एवं मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना रहा।
हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान रामपुर रोड स्थित मैसर्स श्री शिवशक्ति इंटरप्राइजेज से देशी घी तथा नल बाजार स्थित मैसर्स चिरंजीवीलाल से किशमिश का विधिक नमूना लिया गया। किशमिश के लेबल में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कंपनी एवं डिस्ट्रीब्यूटर के विरुद्ध मिसब्रांडिंग के संबंध में चालानी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रस्तावित की गई।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमय कुमार सिंह ने लिए गए विधिक नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा।
वहीं, लालकुआं एवं हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में सात खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। हरिपुर रतनसिंह स्थित मैसर्स भट्ट जनरल स्टोर से बेसन का विधिक नमूना लिया गया। टीम ने रामपुर-लालकुआं एवं सनेस मंडी लालकुआं क्षेत्रों का भी भ्रमण कर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का उपयोग करने तथा एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रामनगर क्षेत्र में भी दो खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध चालानी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य के हित में जनपद नैनीताल में मिलावटी, असुरक्षित एवं मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों के खिलाफ निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *