SDRF के तहत आपदा से क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों की तात्कालिक मरम्मत को ₹4 करोड़ स्वीकृत – जिलाधिकारी

Spread the love

SDRF के तहत आपदा से क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों की तात्कालिक मरम्मत को ₹4 करोड़ स्वीकृत – जिलाधिकारी

हल्द्वानी जिले में प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त विभागीय परिसम्पत्तियों की तात्कालिक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए वित्तीय वर्ष 2025–26 में राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के अंतर्गत ₹4 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन से प्राप्त यह धनराशि जिले की विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं को उपलब्ध करा दी गई है, ताकि आपदा से प्रभावित परिसम्पत्तियों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त विभागीय परिसम्पत्तियों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण हेतु विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों की स्वीकृति से पूर्व संबंधित क्षेत्रों के उपजिलाधिकारियों से स्थलीय जांच कराई गई। इसके उपरांत स्वीकृत प्रस्तावों को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में गठित मूल्यांकन एवं जिला कार्यकारिणी समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति की संस्तुति के आधार पर दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त विभागीय एवं सार्वजनिक परिसम्पत्तियों की तात्कालिक मरम्मत के लिए SDRF के अंतर्गत धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई।

स्वीकृत धनराशि के अंतर्गत सिंचाई विभाग को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त नहरों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों हेतु ₹3 करोड़ 10 लाख, पीएमजीएसवाई को क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण एवं दीवारों के पुनर्निर्माण हेतु ₹1 करोड़ 28 लाख, लोक निर्माण विभाग को ₹3 करोड़ 16 लाख, विभिन्न विकास खंडों को ₹25 लाख 68 हजार सहित अन्य विभागों को उनके प्रस्तावों के अनुरूप धनराशि स्वीकृत की गई है।

जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि आपदा मानकों के अनुरूप एवं स्वीकृत प्रस्तावों के अनुसार कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *