लालकुआ बिंदुखत्ता कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन! धामी सरकार के खिलाफ गरजे कांग्रेसी, सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर अभियान में लिया हिस्सा, फूंका सरकार का पुतला

Spread the love

 

 

हरीश धामी पर मुकदमों और जौलजीबी में माइक बंद किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने जताया आक्रोश, भाजपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार और तानाशाही के आरोप

 

बिंदुखत्ता  उत्तराखंड की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोलते हुए मंगलवार को बिंदुखत्ता में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिंदुखत्ता की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भागीदारी कर प्रदेश सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया और बाद में प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।

 

अभियान के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्य और धन सिंह रावत के विभागों में कथित अनियमितताओं को लेकर जनता से हस्ताक्षर कराए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार जनसमस्याओं का समाधान करने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने में जुटी हुई है।

 

हस्ताक्षर अभियान के समापन के बाद कार्यकर्ताओं ने धारचूला विधायक हरीश धामी के खिलाफ दर्ज मुकदमों और जौलजीबी कार्यक्रम में उनका माइक बंद किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंककर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 

 भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और तानाशाही के आरोप

 

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और आम जनता महंगाई, बेरोजगारी तथा बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब विपक्ष के जनप्रतिनिधि जनता की जायज मांगों को उठाते हैं तो उनकी आवाज दबाने के लिए मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं और सार्वजनिक मंचों पर माइक तक बंद कर दिए जाते हैं।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित जौलजीबी कार्यक्रम के दौरान विधायक हरीश धामी का माइक बंद किया जाना बेहद निंदनीय और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने की ऐसी नीति को कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

 

दुर्गापाल ने कहा कि जनता की आवाज बुलंद करना और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना ही कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने ‘जनता की आवाज, कांग्रेस का संकल्प’ का नारा देते हुए कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

 जौलजीबी प्रकरण और विकास कार्यों की अनदेखी पर उठाए सवाल

 

गौरतलब है कि जौलजीबी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धारचूला विधायक हरीश धामी जब मंच से अपनी बात रख रहे थे, तभी उनका माइक बंद कर दिया गया था। इस घटना पर विधायक ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई थी। उनका कहना था कि अपने विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि को जनता की समस्याएं और अपेक्षाएं रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।

 

विधायक ने क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा था कि पूर्व में की गई कई घोषणाएं आज तक धरातल पर नहीं उतर पाई हैं। जनता लंबे समय से विकास कार्यों के पूरा होने का इंतजार कर रही है। उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई थी कि मुख्यमंत्री उनकी बात सुने बिना ही कार्यक्रम स्थल से चले गए।


 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर दिखाई ताकत

 

कार्यक्रम में लालकुआं की प्रभारी परिमल राय, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरेंद्र बोरा, हेमवती नंदन दुर्गापाल, प्रमोद कॉलोनी, बीना जोशी, गुरदयाल मेहरा, भगवान धामी, पुष्कर सिंह दानू, हरीश दानू, पंकज दानू, उर्मिला धामी, मीना जलाल, सीमा राणा, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप बथ्याल, गोविंद दानू, चंचल मेहता एवं मोहन कुनाई सहित कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने हस्ताक्षर अभियान में भागीदारी करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज किया ।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement