रूसी तेल टैंकर विवाद में फंसे अजय पंत को अब न्याय का इंतजार, 153 दिन से ब्रिटेन की कैद में उत्तराखंड का लाल , क्या 15 दिसंबर को मिलेगा न्याय

Spread the love

 

15 दिसंबर से शुरू होगा चार सप्ताह का जूरी ट्रायल, लंदन की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश होकर कैप्टन अजय पंत ने खुद को बताया निर्दोष

 

उत्तराखंड नैनीताल  रामनगर स्थित चिल्किया गांव निवासी मर्चेंट नेवी कैप्टन अजय पंत की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। रूसी कच्चे तेल के टैंकर से जुड़े मामले में ब्रिटिश अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद वह करीब 153 दिन यानी पांच महीने से ब्रिटेन की हिरासत में हैं। अब उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद आगामी 15 दिसंबर से शुरू होने वाले जूरी ट्रायल पर टिकी है।

 

लंदन की साउथवार्क क्राउन कोर्ट में अजय पंत के मामले में तीन दिन तक चली सुनवाई शुक्रवार को पूरी हो गई। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश हुए अजय पंत ने खुद को निर्दोष बताया। हालांकि, अदालत ने अभी मामले में कोई फैसला नहीं सुनाया है। अदालत ने सुनवाई से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने पर रोक लगाते हुए आगे की सुनवाई की तारीखें निर्धारित की हैं।

 

गौरतलब है कि ब्रिटिश अधिकारियों ने 14 जून 2026 को अजय पंत को गिरफ्तार किया था। वह रूस से कच्चा तेल लेकर भारत आ रहे टैंकर एमवी स्मिर्टोस के कैप्टन थे। ब्रिटेन की क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस ने उन पर प्रतिबंधित रूसी तेल को तीसरे देश तक पहुंचाने का आरोप लगाया है। अजय पंत छुट्टियां बिताने के बाद 23 अप्रैल को अपनी ड्यूटी पर लौटे थे।

 

इससे पहले 16 जुलाई को अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अब 15 दिसंबर 2026 से इस मामले में चार सप्ताह तक जूरी ट्रायल चलेगा। इस ट्रायल के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और अदालत का फैसला महत्वपूर्ण होगा।

 

वहीं, भारत सरकार भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग और नई दिल्ली में मंत्रालय के अधिकारी अजय पंत के परिवार तथा उनके वकीलों के संपर्क में हैं। ब्रिटिश अधिकारियों से भी लगातार बातचीत की जा रही है। 

 

रामनगर के चिल्किया गांव से ताल्लुक रखने वाले अजय पंत की गिरफ्तारी के बाद उनका परिवार लगातार उनके सुरक्षित भविष्य और न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है। करीब पांच महीने से ब्रिटेन की हिरासत में रह रहे कैप्टन अजय पंत के मामले पर अब उत्तराखंड के लोगों की निगाहें भी टिकी हैं। 15 दिसंबर से शुरू होने वाला जूरी ट्रायल उनके लिए बेहद अहम साबित हो सकती है ।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement