*18 फरवरी से नई बिजली दरों पर जनसुनवाई – उपभोक्ता आपत्ति व सुझाव आयोग के समक्ष दर्ज कराने का प्रस्ताव दो शहरो में रायशुमारी*
देहरादून।
प्रदेश में प्रस्तावित नई बिजली दरों को लेकर उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग 18 फरवरी से जनसुनवाई की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। आयोग ने शुक्रवार को जनसुनवाई का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस बार गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के दो-दो शहरों में उपभोक्ताओं की राय ली जाएगी।
गढ़वाल मंडल में देहरादून और कर्णप्रयाग, जबकि कुमाऊं मंडल में रुद्रपुर और मुनस्यारी में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसमें कोई भी बिजली उपभोक्ता प्रस्तावित टैरिफ पर अपने सुझाव अथवा आपत्ति आयोग के समक्ष दर्ज करा सकता है।
इस वर्ष प्रदेश के तीनों ऊर्जा निगमों ने कुल मिलाकर 18.50 प्रतिशत तक बिजली दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है।
यूपीसीएल ने 16.23 प्रतिशत,
पिटकुल ने लगभग 3 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया है,
जबकि पहली बार यूजेवीएनएल का टैरिफ प्रस्ताव माइनस 1.2 प्रतिशत रखा गया है।
पिछले वर्ष गढ़वाल मंडल में देहरादून व गोपेश्वर तथा कुमाऊं मंडल में रुद्रपुर व लोहाघाट में जनसुनवाई हुई थी।
नियामक आयोग के सचिव नीरज ने बताया कि जनसुनवाई के बाद सभी तथ्यों और सुझावों पर विचार कर टैरिफ प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। नई बिजली दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी।

