पाटी में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 54 मरीजों का हुआ उपचार

Spread the love

पाटी (चंपावत)। नगर पंचायत पाटी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार से तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ नवनिर्वाचित सभासद बसंत बलराज सिंह पाटनी ने फीता काटकर किया। शिविर के पहले दिन 54 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया गया

शिविर में छाती रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला (ईएनटी) विशेषज्ञ, डॉ. सना फातिमा, डॉ. सौरभ, फार्मासिस्ट प्रकाश खड़ायत सहित अन्य चिकित्सा कर्मियों ने अपनी सेवाएं दीं। मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं।

इस अवसर पर सभासद बसंत बलराज सिंह पाटनी ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर क्षेत्रवासियों को अस्थायी राहत प्रदान करते हैं, लेकिन पाटी क्षेत्र में स्थायी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक मुख्यालय पाटी के अंतर्गत आने वाली 84 ग्राम पंचायतों के अलावा नैनीताल और अल्मोड़ा जनपद की कई ग्राम सभाओं के लोग भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी पर निर्भर हैं। इसके बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में अधिकांश मरीजों को हल्द्वानी, चंपावत, खटीमा तथा अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि जनवरी से जुलाई के बीच प्रसव के 60 प्रतिशत से अधिक मामलों में मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर करना पड़ा, जो स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की सीमाओं को दर्शाता है। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग उठाई।

सभासद ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उच्चीकृत किए जाने की मांग को लेकर वह लगातार शासन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन भेजते रहे हैं। उनका कहना था कि सीएचसी का दर्जा मिलने से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी और गंभीर मरीजों को बाहर रेफर करने की मजबूरी कम होगी। इस दौरान तनुज बिष्ट, दीपक फर्त्याल, लवी पाटनी, नवनीत गहतोड़ी, विमलेश गहतोड़ी, अमर सिंह, राजू, संजय बिष्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *