लालकुआ राष्ट्रीय अभियान में नैनीताल दुग्ध संघ की बड़ी भागीदारी! 34 हजार परिवारों को स्व-गणना के लिए किया जाएगा प्रेरित – अध्यक्ष मुकेश बोरा

Spread the love

 

 

710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में चलेगा जागरूकता अभियान, अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अध्य्क्ष ,सचिवों से किया विशेष आह्वान

 

लालकुआं। जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं ने व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की पहल की है। संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय लिया गया कि दुग्ध संघ से जुड़ी पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों की 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादकों एवं उनके परिवारों को जनगणना के प्रति जागरूक कर स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

 

बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इस राष्ट्रीय अभियान में अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने और ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

 

इस दौरान तय किया गया कि दुग्ध संघ की सभी 710 समितियों के पदाधिकारियों, सचिवों एवं संबंधित कार्मिकों के सहयोग से दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों को स्व-गणना की प्रक्रिया, उसकी उपयोगिता तथा ऑनलाइन पंजीकरण के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

 

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। सटीक जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर नियोजन और प्रभावी क्रियान्वयन कर सकती है। उन्होंने कहा कि यह केवल आंकड़े जुटाने का अभियान  देश के भविष्य की विकास योजनाओं को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है।

 

मुकेश बोरा ने सभी दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के अध्यक्ष सचिवों से विशेष आह्वान किया कि वे अपने-अपने पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों को जागरूक करने के लिए लिखित पत्र भेजें तथा उन्हें स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने सचिवों से व्यक्तिगत स्तर पर भी उत्पादकों से संपर्क कर ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी साझा करने को कहा। साथ ही दुग्ध उत्पादकों से अपील की कि वे स्वयं स्व-गणना करें और अपने रिश्तेदारों, परिचितों तथा आसपास के लोगों को भी इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ें।

 

उन्होंने जानकारी दी कि जनपद नैनीताल में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल *https://se.census.gov.in* पर जाकर मोबाइल अथवा लैपटॉप के माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। सफलतापूर्वक जानकारी जमा करने के बाद 11 अंकों की स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। बाद में प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।

 

मुकेश बोरा ने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक एवं सामाजिक हितों के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियानों में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने सभी समितियों से इस अभियान को प्राथमिकता देते हुए पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों के अधिक से अधिक परिवारों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

 

बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी. एंड आई. सुभाष बाबू तथा प्रभारी एमआईएस एवं जनगणना लिपिक कमलेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement