लालकुआँ पुलिस की कार्रवाई- सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार

Spread the love

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ लालकुआं पुलिस की कार्रवाई
लालकुआं। सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में वैमनस्य और अशांति फैलाने वाली आपत्तिजनक पोस्ट एवं सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना लालकुआं पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पूर्व गोला गेट, थाना लालकुआं निवासी दीपक भारती ने अपनी फेसबुक आईडी से हिंदू समाज के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट की थी। उक्त पोस्ट को हटाने के लिए हल्दूचौड़ निवासी एक व्यक्ति द्वारा दीपक भारती से कहा गया। आरोप है कि इसके बाद दीपक भारती ने उक्त व्यक्ति के विरुद्ध भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित की, जिसे बाद में कुछ समय पश्चात हटा दिया गया।
मामले को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों की ओर से थाना लालकुआं में ज्ञापन देकर शिकायत की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी लालकुआं एवं प्रभारी निरीक्षक लालकुआं के निर्देशन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद २७ अगस्त २०२६ को दीपक भारती को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध समाज में वैमनस्य फैलाने के आशय से आपत्तिजनक पोस्ट कर न्यूसेन्स उत्पन्न करने के मामले में भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता की धारा १७२(२) के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी की कार्रवाई चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी एवं कांस्टेबल कुबेर राणा द्वारा की गई।
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर रहेगी पैनी नजर
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा समाज में वैमनस्य एवं अशांति उत्पन्न करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *