मीडिया सेंटर में श्रद्धांजलि सभा, नम आंखों से पत्रकारों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Spread the love

मीडिया सेंटर में श्रद्धांजलि सभा, नम आंखों से पत्रकारों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

हल्द्वानी। मीडिया सेंटर, हल्द्वानी में जिला सूचना अधिकारी स्व. गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नम आंखों से स्व. जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों ने स्व. गिरिजा शंकर जोशी के मिलनसार, सरल एवं सहयोगी व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सूचना विभाग और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पत्रकारों ने कहा कि स्व. जोशी का निधन पत्रकारिता जगत और सूचना विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
इस अवसर पर उपस्थित समस्त पत्रकारों ने सामूहिक रूप से प्रस्ताव पारित कर हल्द्वानी ब्लॉक में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर भवन का नामकरण स्व. गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर किए जाने की मांग की।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से स्व. गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के समक्ष भी नवीन मीडिया सेंटर भवन का नाम स्व. जोशी की स्मृति में रखने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि स्व. गिरिजा शंकर जोशी के परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण तथा सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।