कालाढूंगी गर्दन की मालिश के दौरान महिला की मौत, पहलवान पर लापरवाही का आरोप

Spread the love

गर्दन की मालिश के दौरान महिला की मौत, पहलवान पर लापरवाही का आरोप

 

हल्द्वानी। दमुवादूंगा क्षेत्र निवासी एक महिला की गर्दन की मालिश कराने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने कालाढूंगी रोड स्थित एक पहलवान पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवादूंगा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी मीनाक्षी पिछले चार-पांच माह से गर्दन के दर्द से परेशान थीं। उनका सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार भी चल रहा था।
रामचंद्र ने बताया कि शनिवार को कुछ लोगों की सलाह पर वह अपनी पत्नी को कालाढूंगी रोड स्थित एक पहलवान के पास गर्दन की मालिश कराने ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि मालिश के दौरान पहलवान ने मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में मीनाक्षी को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
मीनाक्षी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महिला की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम अथवा चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।