नगर निगम की पहल से स्वदेशी उत्पादों को मिलेगी नई पहचान, महापौर ने खुद की खरीदारी, शुद्ध उत्पाद स्टॉलों का किया शुभारंभ
हल्द्वानी। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वदेशी वस्तुओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने एक सराहनीय पहल की है। बुधवार को नगर निगम कार्यालय प्रांगण में नगर निगम द्वारा निर्मित शुद्ध बताशे एवं खिलौनों की बिक्री के लिए लगाए गए स्टॉलों का महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने स्वयं स्टॉलों से शुद्ध बताशे एवं खिलौनों की खरीदारी कर इस पहल को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को बाजार मिले और आमजन भी इनसे जुड़कर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन दें।
महापौर ने समस्त जनता से विशेष अपील करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा लगाए गए शुद्ध बताशे एवं खिलौनों के स्टॉलों से अधिक से अधिक खरीदारी करें। इससे न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पारंपरिक वस्तुओं को भी नई पहचान प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े उत्पादों को प्रोत्साहित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम की यह पहल स्थानीय उत्पादों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को भी प्रोत्साहित करेगी।
महापौर ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल नगर निगम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना ही नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित करना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आमजन का सहयोग इस पहल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित सम्मानित पार्षदगण एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



