लालकुआं-बिंदुखत्ता के दुग्ध उत्पादकों को मुकेश बोरा की आगामी दीपावली की सौगात, छह समितियों में 32 लाख का बोनस उपहार वितरित
चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद पर मिला बोनस उपहार, उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है दुग्ध संघ – मुकेश बोरा
लालकुआं। आगामी दीपावली पर्व से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से बिंदुखत्ता क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों के उत्पादकों को 32 लाख रुपये का बोनस उपहार वितरित कर सौगात दी गई। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित बोनस वितरण कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादक महिलाओं सहित बड़ी संख्या में उत्पादकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छह दुग्ध समितियों के माध्यम से चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद पर कुल 32 लाख रुपये का बोनस वितरित किया गया। दीपावली से पहले बोनस मिलने पर दुग्ध उत्पादकों में खुशी की लहर देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान दुग्ध उत्पादकों ने अध्यक्ष मुकेश बोरा का माल्यार्पण कर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। उत्पादकों ने बोनस वितरण को उनकी मेहनत का सम्मान बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है संघ
अपने संबोधन में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है। संघ का मुख्य उद्देश्य उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाना, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना और सहकारिता के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। दुग्ध उत्पादन से जुड़ी महिलाओं का योगदान भी बेहद महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम और समर्पण से ही दुग्ध व्यवसाय निरंतर प्रगति कर रहा है। दीपावली से पूर्व बोनस वितरण उत्पादकों की मेहनत का सम्मान करने और उनके परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने का प्रयास है।
बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ उत्पादकों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों के संरक्षण और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। दुग्ध उत्पादकों का विश्वास और सहयोग ही संघ की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी उत्पादकों से सहकारी समितियों को मजबूत बनाने तथा दुग्ध व्यवसाय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बिंदुखत्ता की छह समितियों को मिला बोनस
बोनस वितरण कार्यक्रम के तहत बिंदुखत्ता क्षेत्र की शांतिनगर प्रथम, शांतिनगर द्वितीय, बोरिंगपट्टा, टूटी पुलिया, हनुमान नगर और नारायण नगर दुग्ध समितियों के उत्पादकों को बोनस वितरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन यातायात प्रभारी पूरन मिश्रा एवं मार्ग प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने किया।
गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद मेहता, प्रगतिशील दुग्ध उत्पादक उमेश भट्ट, अध्यक्ष निर्मला भट्ट, नवीन पपोला, ममता रावत, राम सिंह पपोला, गोपाल दत्त पाठक, जगदीश पंत, सोनू पांडे, पूरन बोरा, इंद्रा बम, नारायण शर्मा, मनीष बोरा, केदार दानू, मंजू बिष्ट, खष्टी बिष्ट, कमलेश पांडे, सुरेश जोशी, भुवन जोशी, दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ प्रभारी शांति कोरंगा एवं मोहन चंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक और बिंदुखत्ता क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



