प्रधानमंत्री आवास योजना के 182 लाभार्थियों को मिली बड़ी राहत, नगर निगम हल्द्वानी को पहली किस्त का बजट प्राप्त
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कार्यशाला में लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र, समयबद्ध तरीके से आवास निर्माण पूरा करने के दिए निर्देश
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2.0 के तहत शुक्रवार, 30 अक्टूबर को नगर निगम सभागार में महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में योजना के लाभार्थियों को आवास निर्माण की प्रक्रिया, अनुदान राशि के वितरण तथा योजना से संबंधित तकनीकी जानकारियां दी गईं।
इस दौरान महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि भारत सरकार से स्वीकृत डीपीआर संख्या 145 एवं 37 के सापेक्ष नगर निगम हल्द्वानी को बजट प्राप्त हो चुका है। इन दोनों डीपीआर में कुल 182 लाभार्थी शामिल हैं। महापौर ने लाभार्थियों को निर्धारित समयावधि में मकान निर्माण कार्य पूरा करने तथा निर्माण की प्रगति के अनुसार अनुदान की किस्त प्राप्त करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
सामाजिक विकास अधिकारी सुरेश अधिकारी ने लाभार्थियों को योजना के अंतर्गत अनुदान राशि के वितरण, मकान निर्माण के विभिन्न चरणों में जियो-टैगिंग तथा आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य की प्रगति के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अनुदान की धनराशि लाभार्थियों के खातों में उपलब्ध कराई जाएगी।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पार्षदों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2.0 का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवार योजना की जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठा सकें। कार्यशाला में नगर निगम के पार्षदगण एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
2024 में शुरू हुई प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2.0
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप वर्ष 2014 में सबके लिए आवास मिशन की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य वर्ष 2022 तक सभी पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराना था। बाद में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-1.0 की अवधि बढ़ाई गई। इसके पश्चात शहरी क्षेत्रों में एक करोड़ नए आवास उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ 1 सितंबर 2024 से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2.0 का शुभारंभ किया गया। योजना का मुख्य उद्देश्य झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों सहित शहरी गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की आवासीय आवश्यकताओं को पूरा करना बताया गया ।
योजना की प्रमुख पात्रताएं
परिवार के किसी भी सदस्य के नाम देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए।
परिवार 1 सितंबर 2024 से पूर्व संबंधित निकाय क्षेत्र में निवासरत होना चाहिए।
ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अंतर्गत परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम होनी चाहिए। आईएसएस घटक के लिए वार्षिक आय नौ लाख रुपये से कम निर्धारित है।
बीएलसी घटक के तहत मकान निर्माण के लिए लाभार्थी के पास विधिक भू-स्वामित्व होना आवश्यक है।
परिवार ने पिछले 20 वर्षों में किसी सरकारी आवासीय योजना का लाभ न लिया हो।
बीएलसी घटक में 2.75 लाख रुपये तक का अनुदान
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी आधारित निर्माण घटक (बीएलसी) के तहत मकान निर्माण के लिए योजना-1.0 में कुल दो लाख रुपये का अनुदान निर्धारित था, जिसमें 1.50 लाख रुपये केंद्रांश तथा 50 हजार रुपये राज्यांश शामिल थे।
वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2.0 के अंतर्गत मकान निर्माण के लिए कुल 2.75 लाख रुपये का अनुदान निर्धारित किया गया है। इसमें 2.25 लाख रुपये केंद्रांश तथा 50 हजार रुपये राज्यांश शामिल हैं।
1.0 के तहत 671 में से 610 आवास पूर्ण
नगर निगम हल्द्वानी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-1.0 के अंतर्गत स्वीकृत 671 आवासों में से 610 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2.0 के अंतर्गत स्वीकृत डीपीआर संख्या 177 के तहत अनुबंधानुसार लाभार्थियों को अनुदान राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त डीपीआर संख्या 145 एवं 37 के सापेक्ष प्रथम किस्त की धनराशि भी नगर निगम हल्द्वानी को प्राप्त हो चुकी है।



