उधमसिंह नगर मोबाइल शॉप स्वामी की चाकू से हमला कर हत्या, दो घायल ,चार हमलावरों ने दुकान में घुसकर किया हमला, एक सप्ताह पहले मिली थी जान से मारने की धमकी; पत्नी और मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया

Spread the love

  

 

रुद्रपुर। जगतपुरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह खूनी वारदात से सनसनी फैल गई। घर में संचालित मोबाइल की दुकान के स्वामी नितेश जोहरी (36) पर चार हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। सीने में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हमले में उनका छोटा भाई दिनेश और दुकान का कर्मचारी कमल भी घायल हो गए। वारदात के बाद चारों हमलावर फरार हो गए।

 

जानकारी के अनुसार, जगतपुरा निवासी नितेश जोहरी पुत्र कमलेश जोहरी घर में ही मोबाइल की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पूर्व उनका पड़ोस में मोबाइल की दुकान संचालित करने वाले व्यक्ति से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में नितेश ने पुलिस को तहरीर देकर शिकायत भी की थी।

 

शुक्रवार सुबह दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी कशिश के साथ पहले मारपीट की गई, जिसमें उसका सिर फट गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान चार लोग वहां पहुंचे और नितेश तथा मौके पर मौजूद अन्य लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में नितेश के सीने पर गंभीर चोट आई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

हमले में नितेश का छोटा भाई दिनेश और कर्मचारी कमल भी घायल हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।

 

पत्नी और बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गए नितेश

 

नितेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे पत्नी पार्वती देवी और पुत्री लक्षिता को छोड़ गए हैं। एक सप्ताह पहले जान से मारने की धमकी मिलने और पुलिस में शिकायत किए जाने के बाद हुई इस हत्या से क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। वहीं, पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement