पंतनगर। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र को हवाई सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। पंतनगर एयरपोर्ट के बहुप्रतीक्षित विस्तारीकरण को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। 375.33 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना को राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) से पर्यावरणीय स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। इस फैसले को कुमाऊं की हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रस्तावित योजना के तहत एयरपोर्ट की मौजूदा सुविधाओं को बड़े स्तर पर विकसित किया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव रनवे की लंबाई में होगा। वर्तमान में 1,372 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 3,000 मीटर किया जाएगा। इससे बड़े श्रेणी के विमानों के उतरने और उड़ान भरने की सुविधा विकसित हो सकेगी। यह विस्तार पंतनगर एयरपोर्ट को भविष्य की हवाई जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए टर्मिनल भवन का भी व्यापक विस्तार प्रस्तावित है। अभी 937 वर्ग मीटर में फैले टर्मिनल को बढ़ाकर 8,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। इसके अलावा विमानों के खड़े होने के लिए पार्किंग स्थलों की संख्या चार से बढ़ाकर सात की जाएगी। टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी दोगुनी की जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता लगभग 10.1 लाख हो जाएगी।
कुमाऊं के पर्यटन और कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार
पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार होने से कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। नैनीताल, भीमताल, मुक्तेश्वर, रानीखेत और अन्य पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले यात्रियों को बेहतर हवाई संपर्क का लाभ मिल सकता है। वहीं ऊधमसिंह नगर के औद्योगिक क्षेत्र को भी इससे फायदा पहुंचेगा। बेहतर हवाई सुविधा उपलब्ध होने से उद्योगपतियों, निवेशकों और कारोबारियों की आवाजाही आसान होगी तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परियोजना को मिली पर्यावरणीय मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का विस्तार पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के साथ आपदा के समय राहत एवं बचाव अभियानों में भी उपयोगी साबित होगा। सरकार केंद्र और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहयोग से इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
321 हेक्टेयर में विकसित होगा एयरपोर्ट
विस्तार योजना के अंतर्गत एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल 321.48 हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। इसमें पहले से मौजूद 109.017 हेक्टेयर भूमि के अतिरिक्त 212.46 हेक्टेयर गैर-वन भूमि शामिल की जाएगी। परियोजना के लिए समतल कृषि और खुली भूमि का उपयोग किया जाएगा। खास बात यह है कि सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इस विस्तार के चलते किसी परिवार को विस्थापन अथवा पुनर्वास की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पर्यावरण संरक्षण पर भी रहेगा जोर
एयरपोर्ट के बढ़ते आकार और यात्री संख्या को देखते हुए पानी की उपलब्धता, गंदे पानी के निस्तारण और हरित क्षेत्र के विकास की व्यवस्था भी योजना में शामिल की गई है। प्रतिदिन 154 किलोलीटर पानी की जरूरत का अनुमान लगाया गया है। वहीं निकलने वाले 136 किलोलीटर अपशिष्ट जल के शोधन के लिए 165 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। शोधित पानी का दोबारा उपयोग फ्लशिंग और बागवानी में किया जाएगा।
इसके साथ ही मौजूदा 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र के अतिरिक्त करीब पांच हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण और हरियाली विकसित की जाएगी। सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए 72 किलोवाट का नया संयंत्र भी स्थापित किया जाएगा। इससे एयरपोर्ट की कुल सौर ऊर्जा क्षमता 160 से बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी।
बड़े विमानों के संचालन की तैयारी
पर्यावरणीय स्वीकृति मिलने के बाद अब पंतनगर एयरपोर्ट के कायाकल्प की उम्मीदें मजबूत हो गई हैं। रनवे का विस्तार, आधुनिक टर्मिनल, अतिरिक्त पार्किंग और बेहतर आधारभूत सुविधाएं इस एयरपोर्ट की पहचान बदल सकती हैं। आने वाले समय में यह परियोजना कुमाऊं को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने, पर्यटन को बढ़ाने और औद्योगिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।



