उत्तराखंड जिले में भेड़ों की रखवाली कर रहे भेड़ पालक की निर्मम हत्या, टेंट में मिला शव ,सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार, घटना से क्षेत्र में फैली सनसनी

Spread the love

 

पिथौरागढ़। जिले के गोरीपार क्षेत्र के दूरस्थ फाफा गांव में भेड़ों की रखवाली कर रहे एक भेड़ पालक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह उसका शव घर से कुछ दूरी पर स्थित टेंट में पड़ा मिला। मृतक के सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव के निशान पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 

घटना मुनस्यारी तहसील की ग्राम पंचायत फाफा के तोक बजीखरक की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हिम्मत सिंह (38) पुत्र पुष्कर सिंह गुरुवार शाम घर पर भोजन करने के बाद अपनी भेड़ों की रखवाली के लिए निकले थे। उनका टेंट घर से करीब 50 से 60 मीटर की दूरी पर स्थित था। रात में वह टेंट में ही सो गए।

 

शुक्रवार सुबह काफी देर तक हिम्मत सिंह के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों को चिंता हुई। इसके बाद वे उनकी तलाश करते हुए टेंट तक पहुंचे, जहां हिम्मत सिंह का शव पड़ा मिला। उनके सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान थे। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।

 

ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना तहसील मुख्यालय और मुनस्यारी थाने को दी। सूचना मिलते ही मुनस्यारी थाना और मदकोट चौकी से पुलिस टीम गांव पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मुनस्यारी पहुंचाया। शव का विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

 

सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement