उत्तराखंड लड़की हुई तो घर में नहीं रखेंगे’, बेटी को जन्म देने के बाद विवाहिता की मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने लगाए दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोप, भाई ने खोली ससुरालियों की कहानी

Spread the love

 विवाहिता की मौत पर बवाल, भाई बोला- बेटी पैदा होने से नाराज थे ससुराली

 

काशीपुर (ऊधम सिंह नगर)।** बेटी को जन्म देने के बाद 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, बेटी पैदा होने पर प्रताड़ित करने और हत्या किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई ने शादी के बाद से बहन के साथ हुई कथित प्रताड़ना की पूरी कहानी बताते हुए ससुराल पक्ष पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। नवजात बच्ची सुरक्षित बताई जा रही है।

 

मृतका की पहचान मंजीत कौर के रूप में हुई है। उसके भाई संदीप सिंह ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी बहन की शादी रम्पुरा निवासी अमित सिंह से हुई थी। अमित क्षेत्र में छोटी दुकान चलाता है। परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार धूमधाम से शादी की थी। संदीप के मुताबिक, परिवार की खेती-बाड़ी है। पिता का वर्ष 2012 और दादा का वर्ष 2018 में निधन हो गया था। ऐसे में परिवार की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर थी।

 

शादी के छह महीने बाद गर्भपात कराने का आरोप

 

संदीप ने आरोप लगाया कि शादी के करीब छह महीने बाद मंजीत गर्भवती हुई थी। उस दौरान ससुराल पक्ष ने किसी तरह जांच कराई और गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद कथित तौर पर उसका गर्भपात करा दिया गया। इसके करीब एक महीने बाद मायके और ससुराल पक्ष के पांच-छह लोगों के बीच बातचीत हुई। मायके वालों ने मंजीत को अपने साथ ले जाने की बात कही, लेकिन बाद में उसे दोबारा ससुराल में ही रख लिया गया।

 

कभी 20 हजार तो कभी एक लाख रुपये मांगने का आरोप

 

मृतका के भाई का कहना है कि कुछ समय बाद ससुराल पक्ष ने मायके से पैसों की मांग शुरू कर दी। कभी 20 हजार, कभी 50 हजार तो कभी एक लाख रुपये तक मांगे जाते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के बावजूद बहन की जिम्मेदारी समझकर वे समय-समय पर मदद करते रहे। आरोप है कि पैसों की मांग पूरी नहीं होने पर मंजीत को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

 

अलमारी के बाद कार की मांग, नहीं देने पर घर से निकालने की धमकी

 

संदीप के मुताबिक, ससुराल वालों ने पहले महंगी अलमारी की मांग की थी, जिसे मायके पक्ष ने करीब छह महीने पहले दिया था। इसके बाद मंजीत की गर्भावस्था के पांचवें महीने से कार की मांग शुरू कर दी गई। कई बार कार मांगी गई, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे यह मांग पूरी नहीं कर सके। भाई का आरोप है कि कार नहीं देने पर ससुराल वालों ने मंजीत को घर में नहीं रखने की धमकी दी थी।

 

‘इस बार लड़की हुई तो बहन को अपने घर ले जाना’

 

संदीप ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग लगातार कहते थे कि उन्हें लड़की बिल्कुल नहीं चाहिए। उन्होंने सीधे उनसे कहा था कि इस बार भी लड़की पैदा हुई तो वे मंजीत को अपने घर में नहीं रखेंगे और उसे मायके ले जाना होगा। भाई के मुताबिक, बहन को गर्भावस्था के दौरान भी इस तरह की बातें कहकर परेशान किया जाता था।

 

घर पर कराया प्रसव, बेटी के जन्म के बाद विवाहिता की मौत

 

परिवार के अनुसार, मंजीत करीब साढ़े आठ महीने की गर्भवती थी और उसका उपचार सरकारी अस्पताल में चल रहा था। मायके पक्ष का दावा है कि चिकित्सकों ने सामान्य प्रसव संभव नहीं होने की बात कहते हुए आगे की चिकित्सकीय सलाह दी थी। इसके बावजूद सोमवार रात अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही प्रसव कराया गया। मंजीत ने बच्ची को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

 

भाई संदीप ने आरोप लगाया कि बेटी पैदा होने के बाद उसकी बहन की हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। नवजात बच्ची सुरक्षित बताई जा रही है। मायके पक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

 

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं और मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement