कालाढूंगी मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, 200 विद्युत पोलों से लेकर मिनी स्टेडियम तक छह घोषणाएं, 22 महिलाओं को किया सम्मानित

Spread the love

कालाढूंगी  मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, 200 विद्युत पोलों से लेकर मिनी स्टेडियम तक छह घोषणाएं, 22 महिलाओं को किया सम्मानित

 

कालाढूंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान केवल शब्दों और नारों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि महिलाओं को समान अवसर, अधिकार, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना ही वास्तविक सम्मान है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वही समाज और राष्ट्र प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है।

 

 कालाढूंगी को मिली विकास की छह बड़ी सौगातें

 

मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए निम्न घोषणाएं कीं—

 

 कालाढूंगी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे।

 

ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा।

 

 कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।

 

 गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।

 

 कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।

 

 पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन घोषणाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाओं के साथ रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

 

 प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को मिली नई पहचान

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहल ने महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को नीति निर्माण में नेतृत्वकारी भूमिका मिलनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की माताएं-बहनें त्याग, परिश्रम और संघर्ष की प्रतिमूर्ति हैं। पहाड़ की महिलाएं घर-परिवार संभालने के साथ खेती, पशुपालन और अन्य जिम्मेदारियां भी निभाती हैं। उनके इसी योगदान के बल पर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक व्यवस्था मजबूत होती है।

 

अपनी माता को याद करते हुए मुख्यमंत्री भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि बचपन से अपनी मां को सीमित संसाधनों में परिवार के लिए संघर्ष करते देखा है। मां का अनुशासन, त्याग और परिश्रम ही उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा है।

 

5.20 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचेगी धनराशि

 

मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि एक दिसंबर को 5.20 लाख महिलाओं के खातों में दो किस्तों में धनराशि भेजी जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अब तक करीब 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है। वहीं, प्रदेश में 3.50 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

 

उन्होंने नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज से लगभग 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और इस ब्रांड ने छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की है।

 महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ उनकी सुरक्षा और सम्मान भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

 

उन्होंने समान नागरिक संहिता को महिलाओं के समान अधिकारों और कानूनी संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए रोजगार एवं नेतृत्व के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

 

 अंकिता भंडारी प्रकरण पर भी रखी बात

 

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके परिवार का दुख सभी का दुख है। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों को न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है और पीड़ित परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार ने उनकी मांग पर सीबीआई जांच की संस्तुति भी की है। उन्होंने कहा कि न्याय की प्रक्रिया में हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

खेल, शिक्षा, स्वरोजगार और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान

 

समारोह में खेल, शिक्षा, कृषि, उद्यान, उद्योग, स्वरोजगार और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

 

एशियाई मास्टर तैराकी में संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक और निकिता सिंह, अंतरराष्ट्रीय तैराकी में मोनी रावत एवं भार्गवी रावत, राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स में चंपा नैनवाल, राष्ट्रीय कुश्ती एवं जूडो में गीतांजलि, खो-खो एवं एथलेटिक्स में हिना बिष्ट और नमिता, राष्ट्रीय कुश्ती में डौली बिष्ट तथा नेशनल गेम्स ताइक्वांडो में भूमिका जयंतवाल को सम्मानित किया गया।

 

इसके अलावा लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, मशरूम उत्पादन में पदमा बोहरा, शिक्षण क्षेत्र में ममता गुप्ता, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से कंचन भंडारी, ऐपण कला में मंजू रौतेला तथा कृषि क्षेत्र में सावित्री गर्जोला को सम्मानित किया गया। वन विभाग की ओर से शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डौली, पूजा और रूपा को भी सम्मानित किया गया।

 

मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां प्रदेश की अन्य महिलाओं और बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।


 जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

 

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, भावना आर्य, मनीषा जंतवाल, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement