लालकुआं। नगर के अंबेडकर पार्क एवं रेलवे पूजा स्थल पर लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा पारंपरिक रीति-रिवाजों, अपार श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। दोनों पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। छठ व्रतियों ने विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
महापर्व के अवसर पर व्रतियों ने निर्जला उपवास रखकर कठिन व्रत का पालन करते हुये शाम को श्रद्धालुओं ने पूजा स्थलों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। पारंपरिक पूजन सामग्री, फल, फूल और प्रसाद से सजे पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छठी मैया के पारंपरिक गीतों, भजनों और जयकारों के बीच धार्मिक अनुष्ठान जारी है। महिलाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन की भव्यता का प्रतीक है ।
छठ पूजा के आयोजन में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता की भी सुंदर झलक देखने को मिली। विभिन्न समाजों के लोगों ने पर्व में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए लोक आस्था और धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। श्रद्धा और विश्वास के इस महापर्व ने क्षेत्र में आपसी सौहार्द, एकजुटता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक मोहन बिष्ट, प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेंद्र कोश्यारी, छठ पूजा समिति अध्यक्ष वीरेंद्र शाह, प्रेमनाथ पंडित, भावनाथ पंडित, कन्हैया लाल, डॉ. रमेश प्रजापति, भुवन पांडे, रवि शंकर तिवारी, हरेन्द्र बोरा, नन्दन दुर्गापाल, मनोज गुप्ता और विकास गुप्ता समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। उपस्थित गणमान्य लोगों ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।



