लालकुआं। टांडा के जंगल में जंगली हाथियों के झुंड की हलचल से सोमवार को रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। रेलवे ट्रैक के किनारे खड़ा विशालकाय पेड़ हाथियों की चपेट में आकर गिर पड़ा। पेड़ की भारी डाल रेलवे लाइन के समीप से गुजर रही 33 हजार केवी की विद्युत लाइन पर जा गिरी, जिससे बिजली के तार टूट गए। इसके चलते लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर चार घंटे से अधिक समय तक रेल संचालन बाधित रहा। पाटलिपुत्र एक्सप्रेस समेत पांच ट्रेनें अलग-अलग स्थानों पर खड़ी रहीं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे लालकुआं से लगभग पांच किलोमीटर दूर लालकुआं-गूलरभोज रेलखंड के टांडा जंगल में हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक के आसपास पहुंच गया। इसी दौरान हाथियों ने पटरी के किनारे खड़े विशालकाय पेड़ को क्षतिग्रस्त कर दिया। पेड़ की मोटी डाल विद्युत लाइन पर गिरने से तार टूट गए और रेल यातायात ठप हो गया।
इस घटना से लालकुआं से गूलरभोज जा रही यात्री ट्रेन संख्या 65301 जंगल के बीच ही रुक गई। वहीं ट्रेन संख्या 5401, 55311, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और मुरादाबाद से लालकुआं आ रही ट्रेन संख्या 55303 को भी विभिन्न स्थानों पर रोकना पड़ा। एक साथ पांच ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। लालकुआं और काशीपुर से रेलवे की टीआरडी (ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन) टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन की मरम्मत शुरू की। कर्मचारियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टूटे तारों को दुरुस्त किया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे लालकुआं-गूलरभोज रेलखंड पर रेल परिचालन बहाल हो सका और प्रभावित ट्रेनों को रवाना किया गया।
इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने से कुछ घंटों तक रेल यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य पूरा किया और दोपहर 12 बजे तक रेल संचालन सामान्य कर दिया गया।



