हल्दूचौड़ पंखुड़ियां महोत्सव-2026 का रंगारंग समापन, गुंजन मेहरा बनीं मिस उत्तराखंड, वेदिका पालिवाल ने जीता सुपर मॉडल का खिताब, ब्लॉगर एवं इन्फ्लुएंसर मीना अंडोला को मिला डिजिटल एक्सीलेंस अवार्ड,

Spread the love

पंखुड़ियां महोत्सव-2026 का रंगारंग समापन, गुंजन मेहरा बनीं मिस उत्तराखंड, वेदिका पालिवाल ने जीता सुपर मॉडल का खिताब

ब्लॉगर एवं इन्फ्लुएंसर मीना अंडोला को मिला डिजिटल एक्सीलेंस अवार्ड, 

 

हल्दूचौड़। रिम्पी बिष्ट के नेतृत्व में नया बाजार स्थित शास्त्री मैदान में आयोजित दो दिवसीय पंखुड़ियां महोत्सव-2026 (सीजन-16) का  रविवार देर रात भव्य एवं रंगारंग समापन हुआ। महोत्सव में देशभर से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। प्रतियोगिताओं के दौरान गुंजन मेहरा ने मिस उत्तराखंड-2026 का खिताब अपने नाम किया, जबकि वेदिका पालिवाल उत्तराखंड सुपर मॉडल बनीं। वहीं उत्तराखंड की चर्चित ब्लॉगर एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीना अंडोला को डिजिटल एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया।

 

दो दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतिभा प्रतियोगिताओं का शानदार संगम देखने को मिला। प्रतिभागियों ने कुमाऊंनी, पंजाबी, राजस्थानी, असमिया एवं देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं गायन प्रतियोगिता में पुराने और नए बॉलीवुड गीतों के साथ सदाबहार नगमों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

 

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि युवा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीप कौशयारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और जीवन में बेहतर दिशा एवं दशा निर्धारित करने का संदेश दिया।

 

गुंजन मेहरा के सिर सजा मिस उत्तराखंड-2026 का ताज

 

महोत्सव की प्रमुख आकर्षण मिस उत्तराखंड प्रतियोगिता में गुंजन मेहरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिस उत्तराखंड-2026 का खिताब अपने नाम किया। वेदिका पालिवाल को उत्तराखंड सुपर मॉडल चुना गया। निखिल ने इंडियाज बिगेस्ट डांसर का खिताब जीता, जबकि नविषा बिष्ट उत्तराखंड बेस्ट डांसर बनीं। सीता लसपाल को सुपर स्टार बहू तथा डिम्पल और पीहू की जोड़ी को जोड़ी नंबर वन के खिताब से नवाजा गया। सभी विजेताओं को उनकी शानदार प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया गया।

 

मीना अंडोला को डिजिटल एक्सीलेंस अवार्ड

 

उत्तराखंड की चर्चित ब्लॉगर एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीना अंडोला को डिजिटल क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए डिजिटल एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया गया। उनकी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता और रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

 

अनुभवी निर्णायकों ने परखी प्रतिभा

 

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में हल्द्वानी के योगेश रौतेला ‘बाला’, खटीमा के राकेश कुमार ‘रॉक्सी’, रामनगर की पूनम गुप्ता एवं हल्द्वानी की खुशबू गुप्ता शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रतिभा, प्रस्तुति और प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया।

 

कार्यक्रम के संरक्षक प्रेम शंकर जोशी (शास्त्री) रहे, जबकि अध्यक्षता ग्राम प्रधान पूजा बिष्ट ने की। कार्यक्रम का संचालन रिम्पी बिष्ट, पंकज गोस्वामी, मेघा त्रिपाठी एवं नेहा बिष्ट ने किया।

 

 

 

महोत्सव के दूसरे सत्र के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट द्वारा रिम्पी बिष्ट ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित करवाया उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे मंच प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और समाज में विशिष्ट पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।

 

जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी

 

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता कमलेश चंदोला, युवा भाजपा नेता शुभम अंडोला, वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र सिंह बिष्ट, समाजसेवी दिनेश भारद्वाज, लाखन सिंह मेहता, प्रिंस भारद्वाज, पूर्व ग्राम प्रधान बीडी खोलिया, पूर्व प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष चंदू खोलिया, भैरव दत्त खोलिया, चंद्रशेखर अंडोला, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य भास्कर भट्ट, पत्रकार विशाल शर्मा, गुलमोहर गर्ल तनुजा जोशी, सीमा देवली, प्रकाश शाही, आशा शाही, निर्मल जोशी, योगिता बनोला, योगेंद्र साह, पार्वती कीरोला, अलका टंडन एवं मंजू साह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

16 वर्षों से प्रतिभाओं को मंच दे रही पंखुड़ियां संस्था

 

संस्था के अध्यक्ष रिम्पी बिष्ट ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पंखुड़ियां सांस्कृतिक, पर्यावरण एवं दिव्यांग कल्याण समिति पिछले 16 वर्षों से सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रही है। इसके साथ ही संस्था चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर, खेलकूद प्रतियोगिताओं, सामाजिक जागरूकता, बाल अपराधों के विरुद्ध अभियान, नशामुक्ति, पॉलिथीन उन्मूलन, पौधरोपण, बेटी बचाओ एवं महिला सशक्तीकरण जैसे जनहित के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।

 

सहयोगियों के योगदान को सराहा

 

महोत्सव को सफल बनाने में संस्था के उपाध्यक्ष योगेश बुधलाकोटी, संगठन मंत्री डॉली अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद, कमल जोशी, गिरीश सिंह खाती, मंजू नेगी, श्वेता एवं बानी सहित अनेक सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए भविष्य में भी इसी तरह प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संकल्प दोहराया।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement