टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में लगभग 30 से 35 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, बस ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गूलर के पास अचानक बस दुर्घटनाग्रस्त होकर पुल से नीचे गहरे गदेरे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि नीचे गिरने के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अब तक करीब 20 घायलों को बस से बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव दलों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। पुलिस और SDRF की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
फिलहाल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे में हताहतों और घायलों की वास्तविक संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



