नैनीताल की प्रसिद्ध नैना पीक पर ट्रैकिंग करने जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए अब नियम बदलने जा रहे हैं। हाल ही में बिहार निवासी 19 वर्षीय अर्नव के नैना पीक क्षेत्र से लापता होने की घटना के बाद वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाने की तैयारी कर ली है। दिसंबर से नैना पीक पहुंचने वाले तीनों प्रमुख रास्तों पर टिकट काउंटर शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही ट्रैकिंग के लिए समय सीमा भी निर्धारित कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत शाम 3:30 बजे के बाद किसी को भी ट्रैक पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
वन विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य नैना पीक की ओर जाने वाले प्रत्येक पर्यटक और स्थानीय व्यक्ति का रिकॉर्ड रखना है। इससे किसी व्यक्ति के लापता होने अथवा निर्धारित समय तक वापस नहीं लौटने की स्थिति में उसकी पहचान और तलाश करने में आसानी होगी। अभी तक अलग-अलग रास्तों से नैना पीक जाने वाले लोगों का एकीकृत रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हो पाता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद विभाग के पास आने-जाने वालों की जानकारी दर्ज रहेगी।
अंधेरा होने के बाद ट्रैकिंग पर लगेगी रोक
नैना पीक की ओर जाने वाले रास्ते जंगल से होकर गुजरते हैं। कई बार पर्यटक देर शाम तक ट्रैकिंग करते रहते हैं और अंधेरा होने के कारण रास्ता दिखाई नहीं देने से फिसलने तथा गिरकर चोटिल होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में वन विभाग ने शाम 3:30 बजे के बाद प्रवेश बंद करने का निर्णय लिया है, ताकि पर्यटक समय रहते वापस लौट सकें और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
दिसंबर से तीनों रास्तों पर शुरू होगी एंट्री व्यवस्था
वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि टांकी बैंड के अलावा सत्यनारायण मंदिर के पास भी गेट बनाया जा चुका है। दिसंबर से इस रास्ते से भी नैना पीक जाने वाले लोगों की एंट्री शुरू कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त कैमल्स बैक साइड पर भी टिकट काउंटर बनाया जाएगा। तीनों रास्तों पर टिकट काउंटर शुरू होने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही का रिकॉर्ड वन विभाग के पास उपलब्ध रहेगा।
इस साल 34,828 लोग पहुंचे नैना पीक
वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अप्रैल से अक्टूबर तक कुल 34,828 पर्यटक और अन्य लोग नैना पीक पहुंचे। इनमें 58 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। बड़ी संख्या में पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए विभाग अब प्रवेश व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ सुरक्षा निगरानी भी मजबूत करने जा रहा है।
अर्नव के लापता होने के बाद बढ़ी सुरक्षा की चिंता
गौरतलब है कि बिहार निवासी 19 वर्षीय अर्नव 6 नवंबर को अपने तीन दोस्तों के साथ नैना पीक घूमने और ट्रैकिंग के लिए गया था। लौटते समय वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। इस घटना के बाद नैना पीक क्षेत्र में ट्रैकिंग करने वालों की सुरक्षा, निगरानी और प्रवेश व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे थे। अब वन विभाग द्वारा दिसंबर से लागू की जाने वाली नई व्यवस्था को पर्यटकों की सुरक्षा और उनकी आवाजाही पर निगरानी रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है ।



