उत्तराखंड बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की चोटियां बर्फ से ढकीं, तापमान माइनस 8 डिग्री तक पहुंचा, पांच जिलों में आज बारिश के आसार, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट!

Spread the love

 उत्तराखंड के पांच जिलों में आज बारिश के आसार, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट!

 

3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गिर सकती है बर्फ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब की चोटियां बर्फ से ढकीं, तापमान माइनस 8 डिग्री तक पहुंचा।

 

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के पांच जिलों में रविवार को बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

 

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना भी जताई है। इससे पहले शनिवार शाम को बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। बर्फबारी के चलते पहाड़ों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है और तापमान गिरकर माइनस 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

 

20 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार

 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार के बाद 20 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में ठंड का असर लगातार बढ़ सकता है।

 

देहरादून में हल्की बूंदाबांदी, तापमान में गिरावट

 

शनिवार को राजधानी देहरादून में सुबह और शाम हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इसके चलते रविवार सुबह तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। आज शहर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह और शाम कोहरा छाने के साथ दिनभर बादल बने रहने से ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों में बदलते मौसम ने सर्दी का अहसास और तेज कर दिया है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement