हल्द्वानी। हनीट्रैप और करोड़ों रुपये की कथित ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक स्टोन क्रेशर स्वामी ने महिला समेत सात लोगों पर सुनियोजित तरीके से हनीट्रैप में फंसाकर करीब सात करोड़ रुपये की वसूली करने का आरोप लगाया है। कारोबारी का दावा है कि आरोपियों ने निजी फोटो और वीडियो वायरल करने तथा दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे करीब पांच करोड़ रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से वसूले, जबकि लगभग दो करोड़ रुपये बाजार कीमत के चार प्लॉट भी अपने और करीबियों के नाम करा लिए। इतना ही नहीं, एक कार और स्कूटी भी लेने का आरोप लगाया गया है।
कारोबारी सुभाष चंद्र की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने ज्योति सिंह, मोहम्मद मुश्ताक समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने धोखाधड़ी, जबरन वसूली, धमकी और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता सुभाष चंद्र के अनुसार, वर्ष 2015 में ज्योति सिंह एक व्यक्ति के साथ उनके स्टोन क्रशर पर पहुंची थी। उसने अपना मुकदमा चलने और आर्थिक जरूरत का हवाला देकर मदद मांगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ गई। कारोबारी का आरोप है कि महिला ने एक दिन उन्हें घर पर पूजा के बहाने बुलाया और प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद धोखे से उनकी फोटो और वीडियो बना लीं।
आरोप है कि बाद में इन्हीं फोटो-वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबारी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। परिवार और समाज में बदनामी के डर से उन्होंने वर्ष 2016 में 45 लाख रुपये दिए। इसके बाद वर्ष 2022 तक दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं रहा।
बेटी होने का दावा कर फिर शुरू हुआ कथित वसूली का खेल
शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2022 में ज्योति सिंह ने दोबारा कारोबारी से संपर्क किया और बताया कि उसकी एक बेटी है। इसके बाद कथित तौर पर पैसों और संपत्ति की मांग शुरू हो गई। कारोबारी का आरोप है कि महिला ने मोहम्मद मुश्ताक और अन्य साथियों के साथ मिलकर दबाव बनाते हुए हल्द्वानी स्थित चार प्लॉट अपने, अपनी बेटी और साथी के नाम करा लिए। इनकी बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है।
पांच करोड़ नकद और ऑनलाइन वसूली का आरोप
कारोबारी ने आरोप लगाया कि प्लॉटों की रजिस्ट्री में लेनदेन को वैध दिखाने के लिए चेक और आरटीजीएस का इस्तेमाल किया गया। पहले उनसे नकद रकम ली जाती थी, फिर रजिस्ट्री में चेक से भुगतान दिखाकर वही रकम आरटीजीएस के माध्यम से उनके खाते में वापस भेज दी जाती थी। इसके बाद उनसे दोबारा नकद रकम ले ली जाती थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस तरह करीब पांच करोड़ रुपये की अतिरिक्त वसूली की गई।
दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी
सुभाष चंद्र का आरोप है कि महिला लगातार फोटो-वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने का भय दिखाकर उनसे रकम मांगती रही। कभी मकान खरीदने तो कभी अन्य जरूरतों का हवाला देकर पैसे मांगे जाते थे। शिकायत में 30 प्रतिशत प्रतिदिन ब्याज मांगने का भी आरोप लगाया गया है। आरके टेंट हाउस रोड और हीरा नगर में मकान खरीदने के नाम पर क्रमशः 30 लाख और 60 लाख रुपये लेने की बात भी कही गई है।
छोटे भाई के घर पहुंचकर दी धमकी
कारोबारी के अनुसार, 5 नवंबर को ज्योति सिंह काठगोदाम के हाईडिल गेट स्थित उनके छोटे भाई के घर पहुंची और रुपयों की मांग करने लगी। पैसे नहीं होने और तबीयत खराब होने की बात कहने पर महिला ने कथित तौर पर विवाद किया तथा साथियों को बुलाकर हत्या कराने और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की।
सात लोगों के खिलाफ मुकदमा, पुलिस जांच में जुटी
शिकायतकर्ता ने महिला पर पूर्व में भी ब्लैकमेलिंग के मामले में जेल जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुराने मामले की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर की रात सुभाष चंद्र की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दीपक सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपों की पड़ताल के साथ संपत्ति के दस्तावेजों और नकदी व ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल मामला पुलिस विवेचना में है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



