उत्तराखंड नैनीताल जिले में पत्नी को बाघ के जबड़े से छुड़ाने के लिए जान की बाजी लगा गया पति, चलती बाइक पर हमला कर महिला को जंगल में घसीटने लगा बाघ, मचा हड़कंप

Spread the love

दिनदहाड़े हुई घटना से मचा हड़कंप, पति के साहस और ग्रामीणों के शोर से महिला की बची जान, पर्यटकों की जिप्सी से पहुंचाया अस्पताल

 

रामनगर। जंगल से सटे इलाकों में बाघ की दहशत के बीच बुधवार सुबह रामनगर में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। अपनी पत्नी के साथ बाइक से चारा लेने जा रहे एक व्यक्ति पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमले में दंपती बाइक समेत सड़क पर जा गिरा। इसके बाद बाघ ने महिला का हाथ अपने जबड़े में जकड़ लिया और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा। पत्नी को मौत के मुंह में जाता देख पति ने अपनी जान की परवाह किए बिना बाघ का पीछा कर दिया। पति के साहस और आसपास के लोगों के शोरगुल के चलते बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया।

 

घटना रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में लाल पहाड़ी के समीप ग्रासलैंड क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक टेड़ा गांव निवासी दर्शन सिंह बुधवार सुबह अपनी पत्नी बबली देवी (50) के साथ बाइक से मवेशियों के लिए चारा लेने जा रहे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक निकले बाघ ने उनकी बाइक को निशाना बना लिया। अचानक हुए हमले से दोनों सड़क पर गिर पड़े और देखते ही देखते घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

 

पत्नी को बचाने के लिए बाघ के पीछे दौड़ पड़ा पति

 

बाइक से गिरने के बाद बाघ ने बबली देवी पर हमला कर दिया और उनका हाथ जबड़े में दबाकर जंगल की तरफ खींचने लगा। पत्नी को बाघ के कब्जे में देख दर्शन सिंह ने हिम्मत नहीं हारी। वह बाघ के पीछे दौड़ पड़े और जोर-जोर से आवाज लगाकर राहगीरों तथा आसपास मौजूद लोगों को मदद के लिए पुकारने लगे। बाघ ने पति की ओर भी झपटने की कोशिश की, लेकिन लोगों की भीड़ और लगातार हो रहे शोर से घबराकर महिला को छोड़ जंगल की ओर भाग निकला।

 

खुद पति ने बयां किया खौफनाक मंजर

 

दर्शन सिंह के मुताबिक, वह पत्नी के साथ सामान्य रूप से बाइक से जा रहे थे। अचानक बाघ ने हमला कर दिया और दोनों सड़क पर गिर गए। सामने दहाड़ते बाघ को देखकर कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसने पत्नी का हाथ अपने जबड़े में जकड़ लिया। पत्नी को बचाने के लिए वह बिना कुछ सोचे बाघ के पीछे दौड़ पड़े और लोगों को आवाज लगाई। आखिरकार लोगों के एकत्र होने पर बाघ उनकी पत्नी को छोड़कर जंगल में चला गया।

 

पर्यटकों की जिप्सी बनी मददगार

 

हमले में बबली देवी के हाथ पर बाघ के दांतों के गहरे निशान आए हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल महिला को पर्यटकों की जिप्सी की सहायता से रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

 

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

 

रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि घटनास्थल के आसपास वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

घटना के बाद टेड़ा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे मार्गों पर वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ने से लोगों का अकेले आवागमन करना भी जोखिम भरा होता जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement