देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। केदारनाथ धाम में चार दिन पहले हुई बर्फबारी के बाद अब तक बर्फ नहीं पिघली है। धाम में चल रही ठंडी हवाओं का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय ठंड में इजाफा होने लगा है।
पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में सुबह के समय कोहरा दिखाई दिया। वहीं, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में दिनभर धूप खिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी 24 नवंबर तक मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
पांच शहरों में प्रदूषण का स्तर बढ़ा
मौसम के साथ ही प्रदेश के पांच शहरों में वायु प्रदूषण भी चिंता बढ़ाने लगा है। रुद्रपुर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 205 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। वहीं जसपुर में 185, रुड़की में 174, काशीपुर में 170 और बाजपुर में 155 AQI रिकॉर्ड किया गया।



