बैरिकेडिंग तोड़कर मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचे प्रदर्शनकारी, पुलिस और जवानों के बीच हुई धक्का-मुक्की
देहरादून।अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों ने बुधवार को राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगाए गए पुलिस बैरियर तोड़ दिए और आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच गए। जवानों को रोकने के लिए तैनात पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे मौके पर तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, पीआरडी जवान अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं। बुधवार को बड़ी संख्या में जवान एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुए। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरियर तोड़कर आगे बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिस और जवानों के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजी।
365 दिन रोजगार की प्रमुख मांग
पीआरडी जवानों की प्रमुख मांगों में सालभर यानी 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराना और समान कार्य के लिए समान वेतन देना शामिल है। जवानों का कहना है कि वे विभिन्न सरकारी व्यवस्थाओं और महत्वपूर्ण आयोजनों में अपनी सेवाएं देते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित रोजगार और आर्थिक सुरक्षा नहीं मिल पा रही है।
लंबे समय से मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने के चलते जवानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार को मुख्यमंत्री आवास कूच और पुलिस लाठीचार्ज की घटना ने इस आंदोलन को और चर्चा में ला दिया है।



