उत्तराखंड के रामनगर स्थित तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो वन क्षेत्र में बाघ के हमले से एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपनी मां और चचेरे भाई के साथ घर के समीप मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान अचानक आए बाघ ने उस पर हमला कर दिया और मां की आंखों के सामने उसे घसीटकर जंगल के भीतर ले गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक जंगल में खोजबीन की, जिसके बाद युवक का शव बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को फाटो वन गुज्जर खत्ता, ढेला निवासी दिलशाद पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा (22) अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के समीप अचानक बाघ ने युवक पर झपट्टा मार दिया। बाघ के हमले से पहले वहां मौजूद परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह युवक को अपने जबड़ों में दबोचकर जंगल की ओर खींच ले गया।
युवक को बाघ द्वारा जंगल में ले जाए जाने के बाद उसकी मां और चचेरे भाई की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ जंगल में तलाशी अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जंगल के भीतर युवक का शव बरामद हुआ। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मृतक के मामा मोहम्मद याकूब ने बताया कि युवक अपनी मां और चचेरे भाई के साथ घर से कुछ दूरी पर मवेशियों को चरा रहा था। इसी दौरान सफारी वाहनों के आवागमन वाले मार्ग की ओर से आए बाघ ने अचानक हमला कर दिया और उसे घसीटकर जंगल में ले गया। काफी तलाश के बाद उसका शव बरामद हुआ।
फाटो रेंज अधिकारी कृपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना उत्तरी फाटो बीट के कक्ष संख्या 43 की है। वन गुज्जर परिवार के सदस्य जंगल में मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान बाघ ने युवक पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
वहीं तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने और वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
वन गुज्जर परिवारों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
फाटो वन क्षेत्र में हुई इस घटना ने जंगलों में रहने वाले वन गुज्जर परिवारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। पशुपालन पर निर्भर इन परिवारों को रोजाना मवेशियों को चराने के लिए जंगल और आसपास के क्षेत्रों में जाना पड़ता है। ऐसे में बाघों की सक्रियता उनके लिए लगातार खतरा बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत जताई है।



