उत्तराखंड शादी का झांसा देकर नाबालिक किशोरी से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोपी को बरेली से दबोचा, किशोरी रुद्रपुर से सकुशल बरामद

Spread the love

 

रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में महिला अपराधों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सितारगंज पुलिस ने एक ओर 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को रुद्रपुर से सकुशल बरामद किया, वहीं शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के मामले में वांछित आरोपी को उत्तर प्रदेश के बरेली से गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को महिला अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

 

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में हुई कार्रवाई के तहत पहला मामला 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप से संबंधित है। बीते 24 अक्टूबर 2026 को किशोरी के पिता ने उसके घर से बिना बताए चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम रुद्रपुर के फुलसुंगी स्थित तीनपानी डैम क्षेत्र पहुंची। यहां रवि कश्यप उर्फ गोलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने किशोरी को रुद्रपुर में एक किराये के कमरे से सकुशल बरामद कर लिया। जांच में दुष्कर्म का मामला सामने आने पर पॉक्सो अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपी को 19 नवंबर की रात गिरफ्तार कर लिया गया।

 

वहीं, दूसरा मामला शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल करने का है। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने बेहोशी की हालत में उसका अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। इसके साथ ही जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए थे। इस मामले में वांछित सचिन द्विवेदी उर्फ सचिदानन्द की तलाश में जुटी पुलिस को मुखबिर से उसके बरेली में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने 19 नवंबर को उत्तर प्रदेश के रोहिलखंड अस्पताल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। महिला अपराधों से जुड़े दोनों मामलों में पुलिस की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक बबीता टम्टा, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement