भारत-रूस कला प्रदर्शनी में नैनीताल की मृणालिनी का जलवा, पद्मश्री शहनाज हुसैन ने खरीदीं दो पेंटिंग
नैनीताल। उत्तराखंड की कला और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने वाली नैनीताल की कलाकार मृणालिनी पांडेय ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली स्थित रशियन हाउस में आयोजित भारत-रूस कला प्रदर्शनी में उन्होंने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। 13 से 23 नवंबर तक चली इस प्रदर्शनी में भारत और रूस के 25-25 चुनिंदा कलाकारों ने अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि भारतीय कलाकारों में मृणालिनी उत्तराखंड से चयनित एकमात्र कलाकार थीं।
प्रदर्शनी का आयोजन रूसी विज्ञान एवं संस्कृति केंद्र के निदेशक अलेक्जेंडर डोडोनोव के नेतृत्व में किया गया। इसका उद्देश्य भारत और रूस के बीच कला एवं संस्कृति का आदान-प्रदान बढ़ाने के साथ दोनों देशों के मैत्रीपूर्ण संबंधों को और प्रगाढ़ करना था। प्रदर्शनी की मुख्य अतिथि पद्मश्री शहनाज हुसैन ने उत्तराखंड की संस्कृति और विरासत पर आधारित मृणालिनी की समकालीन कलाकृतियों की विशेष सराहना की। उन्होंने मृणालिनी की दो बड़ी पेंटिंग खरीदकर अपने निजी संग्रह में शामिल कीं। यह उपलब्धि उनकी कला की गुणवत्ता और रचनात्मक सोच का प्रमाण मानी जा रही है।
15 वर्षों से कला के क्षेत्र में सक्रिय
मृणालिनी पांडेय पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से कला के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने फाइन आर्ट्स में डिप्लोमा हासिल किया है। वह पेशे से प्रोफेशनल इंजीनियर भी हैं और वर्तमान में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत हैं। नौकरी के साथ कला के प्रति अपने जुनून को बरकरार रखते हुए उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
उनकी कलाकृतियां दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर, आर्टिजन आर्ट गैलरी सहित कई सरकारी कला दीर्घाओं में प्रदर्शित हो चुकी हैं। मृणालिनी की कला यात्रा नैनीताल में स्कूली शिक्षा के दौरान आयोजित विभिन्न कला प्रतियोगिताओं से शुरू हुई थी। पेंटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें तत्कालीन राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल से गवर्नर पुरस्कार भी प्राप्त हुआ था। उनका कहना है कि फाइन आर्ट्स के प्रशिक्षण ने उनके विचारों और जीवन को देखने के नजरिए को नई गहराई प्रदान की।
कला के माध्यम से सहेज रहीं उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत
मृणालिनी केवल पेंटिंग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपनी कला के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने का भी प्रयास कर रही हैं। वह अपने नाम से एक ऑनलाइन आर्ट प्लेटफॉर्म संचालित करती हैं। इसके जरिए जौनसारी, भोटिया और रोंगपा जनजातियों की जीवनशैली, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को चित्रों एवं जानकारीपरक वीडियो के माध्यम से प्रस्तुत करती हैं।
जौनसारी जनजाति पर तैयार उनका एक वीडियो भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया जा चुका है। इसके माध्यम से उनकी कला को व्यापक पहचान मिली है। वह अपनी रचनात्मकता से युवा कलाकारों को भी प्रेरित कर रही हैं।
भारत-रूस कला प्रदर्शनी में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना और उनकी दो कलाकृतियों का पद्मश्री शहनाज हुसैन के संग्रह में शामिल होना मृणालिनी की कला यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी यह सफलता न केवल नैनीताल, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।



