बेखौफ बदमाशों का तांडव! 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, सोने के जेवर और नकदी लूटकर फरार
बागेश्वर। जिले के कांडा क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। भेंटा गांव में दो बदमाशों ने 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए घर में घुसकर बंधक बना लिया। आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर कपड़ा ठूंसकर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद गले में बंधी संदूक की चाबी काटकर उसमें रखे सोने के आभूषण और नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े नहीं, बल्कि शाम के समय घर में हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, भेंटा गांव निवासी तारा देवी शनिवार शाम गाय दुहकर घर लौटी थीं। इसी दौरान दो लोग बहाने से उन्हें घर के अंदर ले गए। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। घर के अंदर पहुंचते ही उन्होंने बुजुर्ग महिला को काबू में कर लिया और उनके हाथ-पैर बांध दिए। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और आवाज बाहर न जा सके, इसके लिए मुंह पर कपड़ा बांध दिया। इसके बाद बदमाशों ने महिला के गले में बंधी संदूक की चाबी काटी और संदूक खोलकर उसमें रखे जेवर तथा नकदी लेकर फरार हो गए।
चाबी काटकर खोला संदूक, सोना और नकदी समेटी
परिजनों की शुरुआती जानकारी के मुताबिक बदमाश करीब सवा दो तोला सोने के आभूषण और 25 से 30 हजार रुपये की नकदी लूटकर ले गए। लूटे गए आभूषणों में लगभग डेढ़ तोले का मंगलसूत्र और 12 आने वजन के कान के झुमके बताए गए हैं। वहीं पुलिस की शुरुआती पूछताछ में करीब एक तोले का मंगलसूत्र, टॉप्स और लगभग 20 हजार रुपये ले जाने की जानकारी सामने आई है। लूटे गए सामान की वास्तविक मात्रा और नकदी की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसी, बंधन खोलकर बचाई जान
वारदात के बाद शाम करीब आठ बजे घर से आवाज सुनकर पड़ोसी पूरन राम, हरीश राम और सोहन राम मौके पर पहुंचे। वहां तारा देवी हाथ-पैर और मुंह बंधी हालत में मिलीं। पड़ोसियों ने तत्काल उनके बंधन खोले और उन्हें संभाला। इसके बाद महिला ने आपबीती सुनाई। पड़ोसियों ने घटना की सूचना परिजनों, ग्राम प्रधान और ग्राम प्रहरी को दी।
तारा देवी का छोटा बेटा नीरज जोशी रुद्रपुर में नौकरी करता है, जबकि बड़ा बेटा ललित मोहन जोशी गांव में ही पड़ोस में रहता है। ग्राम प्रहरी बसंत बल्लभ जोशी ने शनिवार रात करीब आठ बजे खातीगांव चौकी प्रभारी को घटना की जानकारी दी थी। पुलिस रात करीब 12 बजे गांव पहुंची। रविवार सुबह महिला के छोटे बेटे नीरज जोशी ने गांव पहुंचकर डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम ने खंगाला घटनास्थल, परिचितों पर भी शक
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक राजेश शाह, कांडा थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज, उपनिरीक्षक लता खत्री और खातीगांव चौकी प्रभारी सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों को घर की भौगोलिक स्थिति और जेवर रखने की जगह की जानकारी थी। उन्हें यह भी पता था कि संदूक की चाबी महिला के गले में बंधी रहती है। इसी वजह से पुलिस को आशंका है कि वारदात में शामिल लोग महिला के परिचित हो सकते हैं। हालांकि, आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पहले हुई चोरी का भी नहीं हुआ खुलासा
इसी ग्राम पंचायत के करड़ियागांव में इससे पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन उस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। अब भेंटा गांव में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटपाट किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई संपत्ति बरामद करने और गांवों में गश्त बढ़ाने की मांग की है।



