रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के जखोली क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहा इको वाहन अर्जुन बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो नाबालिग बच्चियां भी शामिल हैं। दुर्घटना की सूचना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 22 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को अर्जुन बैंड के समीप वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। इको वाहन संख्या UK13A-4410 कुरछोला से जखोली की ओर शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे गहरी खाई में जा समाया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और डीडीआरएफ (DDRF) की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
तीन परिवारों में पसरा मातम
दुर्घटना में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41) निवासी कुरछोला की जान चली गई। वहीं तैला गांव निवासी बसंती देवी (52), पत्नी कार्तिक और सुनीता देवी (35), पत्नी भरत सिंह की भी हादसे में मौत हो गई। एक ही दुर्घटना में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दो नाबालिग बच्चियां भी घायल
हादसे में सतपाल सिंह निवासी कुनियाली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा शिवानी (15) और दिव्यांशी (13), दोनों निवासी कुरछोला, अंजलि (26) निवासी जखोली बड़मा तथा सुमीता निवासी कुनियाली घायल हुई हैं। दोनों नाबालिग बच्चियों का सीएचसी जखोली में उपचार चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल सतपाल सिंह को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग ले जाया गया।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानी और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



