भारी बारिश की चेतावनी के चलते नैनीताल में 7 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने 7 सितंबर 2026, सोमवार को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 6 सितंबर को जारी पूर्वानुमान में नैनीताल जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। वर्तमान में पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने से नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए 7 सितंबर को कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
