हल्द्वानी डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर महिला से 1.75 लाख की ठगी, दो महिलाओं को 4 लाख रुपये का लगाया चूना

Spread the love

 

हल्द्वानी। शहर में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शातिर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं। ताजा मामलों में साइबर अपराधियों ने दो महिलाओं को निशाना बनाते हुए करीब चार लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। एक मामले में बेटे को अपराध में फंसाने और उसे कस्टडी से छुड़ाने का डर दिखाकर महिला से 1.75 लाख रुपये ठग लिए गए। वहीं दूसरे मामले में महिला के बैंक खाते से 2.42 लाख रुपये निकाल लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

केस-एक – बेटे को कस्टडी में बताकर मां से ऐंठे 1.75 लाख रुपये

 

बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के लाइन नंबर-1, आजादनगर निवासी महिला के मोबाइल पर बीती 15 नवंबर को दिन में एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को अधिकारी बताते हुए महिला से पूछा कि क्या उसका बेटा मध्य प्रदेश में पढ़ाई करता है। महिला के हां कहने पर आरोपी ने बताया कि उसका बेटा किसी अपराध में शामिल होने के चलते कस्टडी में है और उसे छुड़ाने के लिए 1.75 लाख रुपये देने होंगे।

 

यह सुनकर महिला घबरा गई। ठग ने उसे डिजिटल अरेस्ट करने का भय दिखाते हुए अपने जाल में फंसा लिया। घबराई महिला ने पहले 1.15 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब उसने बेटे से बात कराने की मांग की तो दूसरी तरफ से बेटे जैसी आवाज में रोने की आवाज सुनाई दी। इससे महिला और अधिक घबरा गई और उसने शेष रकम भी ट्रांसफर कर दी। बाद में जब महिला ने वास्तविकता जानने के लिए अपने बेटे से संपर्क किया तो उसे साइबर ठगी का शिकार होने का पता चला।

 

केस-दो – बैंक खाते से तीन बार में उड़ाए 2.42 लाख रुपये

 

नवाबी रोड निवासी एक महिला ने हल्द्वानी कोतवाली में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि बीती पांच नवंबर को साइबर ठगों ने उसके मुखानी स्थित बैंक खाते को निशाना बनाया। आरोपियों ने तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से खाते से 2.42 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर रकम निकासी का संदेश मिलते ही महिला के होश उड़ गए। उसने तत्काल साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए ठगों के मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारियां पुलिस को उपलब्ध कराईं। पुलिस ने 19 नवंबर को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

एसपी सिटी ने की सतर्क रहने की अपील

 

एसपी सिटी हरबंश सिंह ने बताया कि साइबर ठगी के दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी अथवा अन्य वित्तीय दस्तावेज साझा न करें। किसी के द्वारा फोन पर डराने, डिजिटल अरेस्ट करने या परिजनों को हिरासत में लेने की बात कहकर पैसे मांगने पर घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement