हरिद्वार कार्तिक पूर्णिमा स्नान में दबंगई, महिला ने ड्यूटी पर तैनात एएसआई को जड़ा थप्पड़, पति ने खुद को मेजर बताकर दिखाई धौंस

Spread the love

 

 

बैरागी कैंप की ओर जाने से रोकने पर भड़का दंपति, पुलिसकर्मी से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की; पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 

हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैरागी कैंप की ओर जाने से रोके जाने पर कार सवार दंपति ने ड्यूटी पर तैनात एएसआई के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान महिला ने एएसआई को थप्पड़ जड़ दिया, जबकि उसके पति ने खुद को मेजर बताते हुए पुलिसकर्मी पर रौब झाड़ा और धमकी देने लगा। घटना के बाद पुलिस ने दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

जानकारी के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को देखते हुए हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसी दौरान एक कार सवार दंपति बैरागी कैंप की ओर जाने लगा। यातायात व्यवस्था के तहत वहां ड्यूटी पर तैनात एएसआई ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इस बात पर दंपति नाराज हो गया और पुलिसकर्मी से बहस करने लगा।

 

बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की भी कोशिश

 

आरोप है कि दंपति ने एएसआई के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों पुलिसकर्मी से उलझ गए और धक्का-मुक्की करने लगे। इसी दौरान महिला ने आपा खोते हुए एएसआई को थप्पड़ मार दिया। वहीं, उसके पति ने खुद को मेजर बताते हुए पुलिसकर्मी पर धौंस जमाई और धमकाने लगा। इतना ही नहीं, दंपति ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का भी प्रयास किया।

 

घटना के बाद एएसआई ने पूरे मामले की शिकायत कनखल पुलिस से की। पुलिस ने एएसआई की तहरीर के आधार पर पति-पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement